नरही। सोहांव विकास खंड के प्रांगण में मंत्री उपेंद्र तिवारी के नेतृत्व में विशेष समाधान दिवस का आयोजन किया गया। चौपाल लगाकर क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं और त्वरित निस्तारण करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया। कई ऐसे मामले में भी मंत्री के सामने जिसको लेकर फरियादी महीनों से चक्कर काट रहे थे। मंत्री ने इसके लिए अधिकारियों को चेताया कि शासन की मंशा के अनुसार कार्य करें अन्यथा कार्रवाई झेलने को भी तैयार रहें। कुल आए 75 मामले में 22 को मौके पर निस्तारण किया गया।
समाधान दिवस में सबसे पहले विभागवार अधिकारियों ने विभाग से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी। इसके बाद मंत्री ने फरियादियों की शिकायत सुनी। सबसे पहले सोहांव गांव निवासी दिव्य प्रकाश राय ने नौ माह बाद भी शौचालय की धनराशि खाते में नहीं पहुंचने की शिकायत की। मंत्री ने ब्लॉक के बीडीओ, एडीओ पंचायत को फटकार लगाते हुए कार्रवाई करने को कहा। ग्रामीणों ने गांव में प्रधानमंत्री आवास में गड़बड़ी की शिकायत के चार माह बाद भी कार्रवाई नहीं होने की शिकायत की तो मंत्री उखड़ गए और अधिकारियों को फटकारते हुए कार्यशैली बदलने को कहा। कुछ ग्रामीणों ने शौचालय की धनराशि भुगतान के लिए प्रति शौचालय एक कर्मी पर सुविधा शुल्क लेने का आरोप लगाया तो मंत्री ने बीडीओ को संबंधित के खिलाफ जांच कर मुकदमा दर्ज कराने को कहा। विशेष समाधान दिवस में राजस्व से संबंधित कुल 27 मामले आए और मंत्री ने तहसीलदार व कानूनगो की उपस्थिति में उसे हल करने का दिन तय किया गया। मंत्री ने पंचायत विभाग से संबंधित शिकायतों की जांच के लिए त्रिस्तरीय कमेटी बना कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। अनियमितता की शिकायत पर सचिव महेंद्र राम को दूसरे ब्लॉक में स्थानांतरित करने एवं उन्हें कारण बताओ नोटिस देने का निर्देश मंत्री ने जिला विकास अधिकारी शशीमौली मिश्रा को दिया। मंत्री ने राशन कार्ड की गड़बड़ी सुधारने, बिजली के तार बदलने व कनेक्शन देने, विधवा पेंशन, वृद्धा पेंशन, विकलांग पेंशन बनवाने व आंगनबाड़ी विभागों से संबंधित मामलों को भी समय सीमा के भीतर निपटाने का निर्देश दिया। इस मौके पर एसडीएम निखिल टीकाराम फुण्डे, डीडीओ शशिमौली मिश्रा, सीएमओ एसपी राय, समाज कल्याण अधिकारी बब्बन मौर्या, जिला विक्लांग कल्याण अधिकारी कृष्ण कान्त राय, जिला प्रोबेशन अधिकारी एके पांडेय, अधिशासी अभियंता विद्युत हरिशंकर, नायब तहसीलदार चन्द्रभूषण, जिला कृषि अधिकारी जेपी यादव, डीसी मनरेगा उपेंद्र पाठक आदि थे।