बैरिया। जिलाधिकारी सुरेंद्र विक्रम सिंह की अध्यक्षता में मगंलवार को तहसील के सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। वादकारियों द्वारा कुल 60 मामले प्रस्तुत किए गए, एक का भी निस्तारण मौके पर नहीं हुआ। धनतेरस की वजह से वादकारियों की सख्यां कम रही, ऐसे में अधिकारी भी अपने ह्वाट्स एप पर शुभकामनाएं पढ़ते रहे और खुद भी मैसेज भेजते रहे।
समाधान दिवस में मौजूद जिलाधिकारी से शोभा छपरा निवासी जितेन्द्र सिंह ने अपने हिस्से की जमीन भाई द्वारा हड़पकर अवैध आरा मशीन चलाने की शिकायत की, वहीं कर्ण छपरा निवासी पवन सिंह ने अपने गावं के न्यू पीएचसी पर तैनात डाक्टर के लगातार अनुपस्थित रहने व अस्पताल में बिजली पानी न रहने की शिकायत की। दल छपरा निवासी नरायण तिवारी ने ग्राम पचांयत में वर्ष 2015-16 में नाली खड़ंजा स्वीकृत होने के बाद भी नाली न ढकना व खड़ंजा नहीं लगाने की शिकायत की। इब्राहमाबाद नौबरार अठगांवा के चार दर्जन से अधिक लोगों ने कटान में विलीन घरों के पुनर्वास के लिए जमीन उपलब्ध अब तक नहीं कराने की शिकायत की।
बैरिया निवासी सुनिता देवी पत्नी राजेश चौरसिया दिव्यांग ने बसने के लिए जमीन की मांग की। लालगंज स्थित एक नर्सिग होम में इलाज के दौरान लापरवाही से हुई हल्दी निवासी शोभा देवी की मौत के बाद दोकटी पुलिस द्वारा हत्या का मुकदमा दर्ज करने के बाद कोई कार्यवायी न करने पर मृतिका की मां चिरंजी छपरा निवासी बुचिया देवी ने कार्रवाई की मांग की। डीएम ने मामले की जाचं के लिए सीएचसी सोनबरसा के अधीक्षक डा. विजय यादव को आदेश दिया।
इस मौके पर विधायक सुरेन्द्र नाथ सिंह, एसपी अनिल कुमार , सीएमओ डा. एस के तिवारी, समाज कल्याण अधिकारी नरेन्द्र विश्वकर्मा, जिला कृषि अधिकारी जेपी यादव, उप कृषि निदेशक राजेश श्रीवास्तव, डीपीआरओ अविनाश कुमार, बीएसए संतोष राय, एसडीएम राधेश्याम पाठक, सीओ आरडी यादव, तहसीलदार शशिकान्तमणि सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।