बलिया। जिलाधिकारी सुरेंद्र विक्रम की अध्यक्षता में शुक्रवार को विकास भवन में पशुपालन विभाग के कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक हुई। जिसमें मुख्य पशु चिकित्साधिकारी से कार्यक्रमों की जानकारी ली।
डीएम ने बाढ़ व बरसात के मौसम में पशु संबंधी बीमारी से बचाव के लिए सदैव तत्पर रहने का निर्देश दिया। कहा कि सभी योजनाओं की पूर्ति समय से करते हुए पशुपालकों को अधिकतम लाभ दिया जाए। योजनाओं का नियमित रूप से अनुश्रवण/समीक्षा भी की जाए। कुछ ऐसा किया जाए जिससे पशुपालकों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाया जा सकें। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में टीकाकरण से वंचित रह गए पशुओं के लिए एक और विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जाए। पशुओं की आवश्यक दवाओं को हर जगह उपलब्धता सुनिश्चित कराने को कहा। सीबीओ जीसी द्विवेदी ने बताया कि बरसात के दिनों में पशुओं में गलाघोटू जैसी खतरनाक बीमारी से रक्षा के लिए स्कैड योजना के तहत टीकाकरण कराया जा रहा है। इसके अलावा खुरपका, मुंहपका बीमारी पर नियंत्रण के लिए भी टीकाकरण हो रहा है। बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों में पशुओं के चारा के रूप में भविष्य की व्यवस्था के लिए टेंडर की कार्रवाई की जा चुकी है। तहसील क्षेत्रों से उप जिलाधिकारी के माध्यम से प्राप्त मांग के अनुसार भूसे की आपूर्ति की जाएगी। सीडीओ संतोष कुमार, अपर मुख्य अधिकारी जिपं रमेश सिंह, उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी संजय श्रीवास्तव समेत अन्य डॉक्टर मौजूद रहे।