गेहूं के बीज के लिए नगरा गोदाम पर उमड़ी किसानों की भीड़। जागरुक पाठक
इंदरपुर। गेहूं के बीज की पहली खेप नगरा स्थित राजकीय बीज गोदाम पर पहुंचते ही किसानों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। शुक्रवार सुबह नौ बजे तक करीब 500 किसान गोदाम पर जुट गए।
लंबी कतार के बीच धक्का-मुक्की होती रही। बाद में गोदाम प्रभारी की सूझबूझ से स्थिति संभली और बीज वितरण शुरू हुआ।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात गोदाम पर गेहूं की दो उन्नत प्रजातियों का कुल 250 क्विंटल बीज पहुंचा था। इसमें एचडी 3406 प्रजाति का 130 क्विंटल और एचडी 303 प्रजाति का 120 क्विंटल बीज शामिल था। अनुदान पर बीज मिलने की जानकारी के बाद किसानों में इसे लेने के लिए खासा उत्साह दिखा।
गोदाम प्रभारी मंजीत पाठक ने बताया कि गेहूं के बीज का निर्धारित मूल्य 3738 रुपये प्रति क्विंटल है। इस पर किसानों को 50 प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि वितरण शुरू होने के महज तीन घंटे के भीतर ही पूरा 250 क्विंटल बीज समाप्त हो गया। इससे कई किसानों को निराश होकर खाली हाथ लौटना पड़ा। गोदाम प्रभारी ने किसानों को आश्वस्त किया कि जल्द ही बीज की दूसरी खेप पहुंचेगी। इसके बाद किसानों को बीज उपलब्ध कराया जा सकेगा।