बलिया/रसड़ा। मंदिरों को निशाना बनाकर चांदी के आभूषण लूटने वाले बिहार के पांच बदमाशों को रसड़ा पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार देर रात चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की इनोवा कार सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों जिशान आलम और चंद्रशेखर कुमार के पैर में गोली लगी, जबकि तीन अन्य को पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया। आरोपियों के कब्जे से मंदिरों से लूटे गए आभूषणों को गलाकर तैयार की गई 300 ग्राम चांदी, दो तमंचे, कारतूस और चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, गिरोह ने बलिया के लखनेश्वर डीह मंदिर और गाजीपुर के पंच मंदिर में वारदात को अंजाम दिया था।
अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश शुक्ल ने बताया कि शुक्रवार रात लखनेश्वर डीह मंदिर से आमघाट जाने वाले मार्ग पर रसड़ा पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की इनोवा कार आती दिखाई दी। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो चालक कार लेकर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया तो खुद को घिरता देख बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के जिशान आलम (42) और चंद्रशेखर कुमार (38) के पैर में गोली लगी। दोनों को गिरफ्तार कर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और दूसरी वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
शिवलिंग पर चढ़ा चांदी का नाग और चांदी की छतरी लूट ली थी
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 30 अक्तूबर की रात उन्होंने लखनेश्वर डीह स्थित शिव मंदिर में पुजारी को डराकर-धमकाकर उनके हाथ-पैर बांध दिए थे। इसके बाद शिवलिंग पर चढ़ा चांदी का नाग और नाग बाबा के ऊपर लगी चांदी की छतरी लूट ली थी। इसके अलावा 11 अक्तूबर की रात गाजीपुर जिले के कासिमाबाद थाना क्षेत्र स्थित पंच मंदिर से राधा-कृष्ण की मूर्तियों का मुकुट भी चोरी किया था। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने लूटे गए चांदी के आभूषणों को गलाकर चांदी बना दिया था। बरामद 300 ग्राम चांदी इसी से संबंधित बताई जा रही है।
बिहार के पूर्वी चंपारण के रहने वाले हैं सभी आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों में जिशान आलम और चंद्रशेखर कुमार के अलावा सूरज पासवान, चंद्रशेखर कुमार और बाला लखन्दर कुमार शामिल हैं। सभी बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी हैं। पुलिस ने इनके पास से दो तमंचे, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस, लोहे की रॉड, प्लास, पेचकस और टेप भी बरामद किया है। पुलिस ने अनुसार यह रेकी कर चोरी की घटना को अंजाम देते थे। पुलिस टीम ने मंदिर जाने वाले सीसी टीवी व सर्विलांस की मदद से घटना का खुलासा किया।
28 दिनों में तीन मुठभेड़ में सात गिरफ्तार, चार बदमाशों को लगी गोली
बलिया। पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के कार्यभार संभालने के बाद जिले में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई तेज हुई है। 10 अक्तूबर से छह नवंबर तक करीब 28 दिनों में तीन पुलिस मुठभेड़ हुईं। इनमें सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि चार बदमाशों के पैर में गोली लगी। पहली मुठभेड़ 17 अक्तूबर को गड़वार में हुई। इसमें गोतस्करी के मामले में वांछित सुगनी नट घायल होकर गिरफ्तार हुआ। दूसरी कार्रवाई दो नवंबर को दुबहड़ में हुई, जहां हत्या के प्रयास के मामले में वांछित सत्यपाल पुलिस की गोली से घायल हुआ। तीसरी मुठभेड़ छह नवंबर को रसड़ा में हुई। इसमें मंदिरों में लूट और चोरी करने वाले बिहार के पांच बदमाश पकड़े गए, जिनमें दो को गोली लगी। इस तरह अब तक चार बदमाश घायल हुए हैं। संवाद