बिजली चोरी रोकने और बिल भुगतान की समस्या से छुटकारा पाने के लिए विद्युत निगम की ओर से कवायद की जा रही है। रिवैंप योजना के दूसरे चरण में जिले के 4.20 लाख उपभोक्ताओं के घरों में अब प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे। विद्युत निगम की ओर नामित दो एजेंसियों ने इसके लिए सर्वे का कार्य भी शुरू कर दिया है। इस कार्य पर करीब 210 करोड़ की लागत आएगी।
विद्युत निगम वर्षों से करोड़ों के बकाया बिल की समस्या से जूझ रहा है। इसके लिए विभाग की ओर से समय-समय पर एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) का भी संचालन किया जाता है जिसके तहत सरचार्ज में छूट भी दी जाती है। इसके अलावा अधिकांश उपभोक्ताओं की ओर से बिल में गड़बड़ी की भी शिकायत होती है जिसके संशोधन के लिए विभाग को हर माह परेशानी उठानी पड़ती है। दूसरी ओर जिले में अभी भी करीब 35 फीसदी लाइन लॉस हो रहा है। इसके चलते विभाग को हर महीने लाखों के राजस्व का नुकसान हो रहा है। अब विभाग ने इन समस्याओं से निजात पाने के लिए प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगाने की कवायद तेज कर दी है। जिले के कुल 4.20 लाख उपभोक्ताओं के यहां यह मीटर लगेंगे। इसके लिए यूपीपीसीएल की ओर से दो कार्यदायी संस्थाओं जीएमएआर प्रयागराज व एलायंस कंपनी को सर्वे की जिम्मेदारी दी गई है। अधिकारियों के अनुसार पहले फेज में बलिया शहर में काम होगा, इसके बाद नगर पंचायतों, कस्बा व ग्रामीण इलाकों में इसे लगाने की कवायद होगी।