रेवती/ विशुनपुरा/पूर । जिले के तीन अलग-अलग क्षेत्रों में शनिवार की देरशाम अज्ञात कारणों से लगी आग में तीन परिवारों की पांच रिहायशी झोपड़ियां और गृहस्थी का समान जलकर राख हो गईं। वहीं दूसरी तरफ दो दुकान भी आग की लपटों में जल गए। हालांकि आसपास के लोगों ने बचाने की भरपूर कोशिश की, लेकिन तब तक सारा समान जलकर नष्ट हो गया था।
क्षेत्र के भैंसहा ग्राम सभा के मरौटी मौजा में शनिवार की देर शाम लगी आग से तीन परिवारों की पांच रिहायशी झोपड़ियां और गृहस्थी का सामान जलकर नष्ट हो गया। बताया जाता है कि विश्वनाथ पासवान के घर शनिवार की देर शाम अज्ञात कारणों से आग की लपटें निकलने लगी। अभी लोग कुछ कर पाते कि आग विकराल रूप धारण कर लिया और पास ही स्थित चंदन पासवान, श्रीभगवान पासवान की रिहायशी झोपड़ियां एवं दैनिक उपयोग के सामानों को अपने आगोश में ले लिया। ग्राम प्रधान बरमेश्वर चौधरी के द्वारा तत्काल सहायता के रूप में भोजन व अनाज की व्यवस्था की गयी है। विशुनपुरा: क्षेत्र के खन्दवा चट्टी पर स्थित मनोहर शर्मा के लकड़ी की दुकान व रिहायशी मड़ई में शनिवार की देर शाम आग लग गई। इसमें आने से मशीन, बिजली मोटर, ग्राइन्डर कटर, पटरा के साथ घरेलू एवं दैनिक उपयोग की वस्तुएं जल कर राख हो गई। बताया जाता है कि ठंड से बचने के लिए बच्चे अलाव ताप रहे थे। पूर: पकड़ी थाना क्षेत्र के एकइल चौराहे पर शनिवार की रात एक दुकान में अज्ञात कारणों से लगी आग में समान जलकर राख हो गए। बताया जाता है कि संतोष गोंङ की जयमाल सेट व जूता- चप्पल की दुकान एकइल चौराहे पर है। दुकानदार प्रतिदिन की भांति दुकान बंद कर घर चला गया। इसी बीच देर रात अज्ञात कारण से उसमें आग लग गई। आसपास के लोगों ने धुआं देख शोर मचाया और दुकानदार को सूचना दी। दुकानदार तत्काल भागते हुए दुकान पर पहुंचा तब तक हजारों रुपये का सामान जलकर राख हो चुका था।