मनियर। कस्बा के लोग अब रबर की सड़क पर चलेंगे और इस तरह की सड़क जिले में पहली बार बन रही है। करीब 24 लाख की लागत से बनने वाली सड़क निर्माण का कार्य जयपुर से आए कारीगरों की टीम कर रही है। जनपद में पहली बार बन रही इस सड़क को देखने के लिए लोगों की भीड़ भी जुट रही है। नगर पंचायत की ओर से कस्बा के वार्ड नंबर पांच में शंभू सिंह के मकान से परशुराम बाबा के स्थान तक करीब 500 मीटर रबरयुक्त सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। सड़क का निर्माण कार्य 14 वें वित आयोग के मद से कराया जा रहा है। रबर युक्त सड़क का निर्माण आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। रोजाना इसे देखने के लिए आसपास के लोग आ रहे हैं। नगर पंचायत के जेई ने बताया कि इस सड़क को बनाने के लिए राजस्थान के जयपुर से छह कारीगरों की टीम बुलाई गई है। टीम का नेतृत्व कर रहे पप्पू ने बताया कि सड़क निर्माण में रबर और अलकतरा (डामर) का बराबर-बराबर प्रयोग किया जाता है। इसके साथ महीन गिट्टी, बालू व केमिकल डालकर मिश्रण तैयार किया जाता है। इसके बाद सीसी रोड पर लोहे की जाली बिछाकर कर उसके उपर रबर बिछाया जाता है। बताया कि गाड़ी न फिसले इसके लिए बीच बीच में गिट्टी डाली जाती है। विंध्याचल प्रसाद गुप्ता, जेई नगर पंचायत, मनियर ने बताया कि नगर में रबरयुक्त सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। यह सड़क मार्च महीने में बनकर तैयार हो जाएगा। इससे नगरवासियों को काफी राहत मिलेगी।