बलिया। जिले में स्वच्छ भारत मिशन के तहत कराए जाने वाले कार्यों का जायजा लेने पहुंचे नगर विकास के विशेष सचिव तथा स्थानीय निकाय के निदेशक अनिल कुमार सिंह ने कंसपुर दियारे में जाकर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बालू और गिट्टी का सेंपल भी अपने साथ ले गए। निरीक्षण के बाद लोक निर्माण विभाग के डाक बंगले में पत्रकारों से बातचीत के दौरान बताया कि स्वच्छता के मामले में नगर पालिका क्षेत्र काफी पिछड़ा हुआ है। कंसपुुुर दियारा में निरीक्षण के बाबत जानकारी देते हुए स्थानीय निकाय के निदेशक ने बताया कि इस क्षेत्र में बिजली और पानी की समस्या काफी दिनों से है। लोगों को स्वच्छ पेयजल नसीब नहीं हो रहा है। इसके लिए नगर पालिका को कदम उठाने का निर्देश दिया। कहा कि तेजी से कार्य कराए जाय। वहीं नगर के साफ-सफाई की व्यवस्था पर चर्चा किए जाने पर कहा कि सेनेट्री गलियों को हर हाल में साफ सुथरा किया जाय। लोगों को कूडा-कचरा एक नियत स्थान पर गिराने के लिए जागरुक किए जाने पर बल दिया। कहा कि नगर में लक्ष्य के सापेक्ष कम शौचालय बनाए गए है। इस मिशन के तहत करीब 2450 शौचालय बनाने का लक्ष्य रखा गया था। जिसमें से 1100 शौचालयों के लिए योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को चार हजार रुपये उनके खाते में भेज दिए गए है। जबकि 175 लोगों को ही दूसरी किस्त के रुप में चार हजार रुपये भेजे गए है। जिसके चलते यह योजना लक्ष्य से काफी पीछे है। इस अभियान के तहत मात्र 300 शौचालयों के ही फोटो अपलोड है। जबकि 600 शौचालय पूर्ण होने के कगार पर है। कहा कि नगर में कूड़ा उठाने की व्यवस्था ठीक नहीं है। देरशाम तक कूड़े नगर में देखे गए है। इसके लिए उन्होंने नगर पालिका के अफसरों को भी चेतवानी देते हुए सफाई कर्मियों के माध्यम से साफ सफाई कराने का निर्देश दिया।