बलिया। स्वच्छता अभियान के क्रम में नगरपालिका बलिया द्वारा 5 जून 2017 से सिटी बजाकर घरों का कूड़ेदान लेने का काम किया जा रहा है। इसके लिए नगर के 25 वार्डों में सफाईकर्मियों की तैनाती की गई है, जो प्रतिदिन प्रात: 6 बजे से 10 बजे तक सिटी बजाकर प्रत्येक घरों से कूड़ा लेंगे और उसे उचित स्थान पर ले जाकर फेंकेंगे। लेकिन यह कार्य धरातल पर किसी भी वार्ड में नहीं दिख रहा है। जिसके चलते वार्ड के विभिन्न स्थानाें पर कूड़े का अंबार लग जा रहा है।
ज्ञात हो कि स्वच्छ उत्तर प्रदेश, स्वस्थ उत्तर प्रदेश के तहत पूरे प्रदेश में प्रदेश सरकार द्वारा स्वच्छता अभियान चलाई जा रही है। जिसके तहत नगर के 25 वार्डों में एक-एक सफाईकर्मी नगर पालिका प्रशासन द्वारा तैनात किया गया है, जो नित्य प्रात: 6 बजे से 10 बजे तक अपने-अपने वार्ड के प्रत्येक घरों में जाकर सिटी बजाएंगे और घर से कूड़ा लेने का काम करेंगे। इसके बाद कूडे़ को एकत्रित कर नियत स्थान पर लेकर जाकर फेंकने काम करेंगे। यह सिलसिला कुछ दिनों तक ठीक-ठाक चला। लेकिन वर्तमान समय में किसी भी वार्ड में सिटी बजाकर कूड़ा सफाईकर्मियों द्वारा नहीं लिया जा रहा है। जिसके कारण वार्ड के विभिन्न स्थानों पर कूड़े का अंबार लग जा रहा है। जिसके चलते संक्रामक रोग फैलाने की संभावना प्रबल हो गई है। इस बाबत प्रभारी ईओ कृष्ण कुमार सोनकर ने बताया कि नगर के सभी वार्डाें में सफाईकर्मी को सिटी बजाकर कूड़ा लेने के लिए तैनात किया गया है। अगर किसी वार्ड में कूड़ा नहीं लेने की शिकायत मिलती है तो संबंधित सफाईकर्मी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।