गाजीपुर। पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल की ओर से बुधवार को गाजीपुर सिटी स्टेशन को आधार बनाकर वाराणसी सिटी-छपरा रेलखंड पर टिकट जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बिना टिकट और अनियमित टिकट पर यात्रा करने वाले 400 यात्रियों को पकड़ा गया। उनसे जुर्माने के रूप में 2.20 लाख रुपये वसूले गए। पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान एवं सहायक वाणिज्य प्रबंधक पशुपतिनाथ मिश्रा के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान गाड़ी संख्या 15054 गोमतीनगर-छपरा एक्सप्रेस, 12561/62 स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस, 14015 रक्सौल-आनंद विहार टर्मिनस सद्भावना एक्सप्रेस, 11072 बलिया-लोकमान्य तिलक टर्मिनस कामायनी एक्सप्रेस सहित विभिन्न मेमू और पैसेंजर ट्रेनों में सघन टिकट जांच की गई।
उन्होंने बताया कि टिकट जांच टीम में मंडल वाणिज्य निरीक्षक गाजीपुर सिटी अभिजीत चौधरी समेत बनारस और छपरा के टिकट जांच कर्मचारी शामिल रहे। रेलवे सुरक्षा बल के जवानों के सहयोग से अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया। अभियान के दौरान विभिन्न स्टेशनों के टिकट काउंटरों पर टिकट लेने के लिए यात्रियों की लंबी कतार लगी रही।