बलिया । बेल्थरारोड में उभांव थाना क्षेत्र के मुजौना साहुनपुर के पास प्रधानाचार्य देवेंद्र यादव की गोली मारकर हत्या की घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत है। एसपी ओमवीर सिंह ने कहा कि घटना का खुलासा करने के लिए पुलिस की चार टीमें गठित की गई हैं। सीसी टीवी व सर्विलांस के मदद से आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। आरोपी जल्द ही पकड़ में होंगे।
डीआईजी सुनील कुमार सिंह के निर्देश पर एसपी ओमवीर सिंह के देखरेख में बुधवार को भी क्षेत्र में रसड़ा, भीमपुरा, खेजुरी, मनियर, सिकंदरपुर, महिला थाना समेत कई थानों की पुलिस तैनात रही। प्रधानाचार्य के बड़े पुत्र पवन यादव की तहरीर पर पुलिस ने तीन अज्ञात बदमाशों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। दूसरी छिनैती की पीड़ित शिक्षिका राधिका देवी की तहरीर पर भी मुकदमा दर्ज किया गया है।
उधर मंगलवार की देर रात प्रधानाचार्य देवेंद्र यादव का शव घर पहुंचा तो पुलिस-प्रशासन ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस को परिजनों की नाराजगी को झेलनी पड़ी।
हत्याकांड के खुलासा होने तक शव को पोस्टमार्टम के लिए नहीं भेजने पर परिजन अड़े रहे। मंगलवार रात एक बजे तक पुलिस-प्रशासन चार घंटे तक परिजनों को शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए अड़े रहे। एसपी ओमवीर सिंह ने अगले 24 घंटे में हत्याकांड का खुलासा करने और बदमाशों को हर हाल में गिरफ्तार करने का भरोसा दिया।