नगरा। विकास खंड के ग्राम पंचायत निकासी में त्रिस्तरीय टीम की जांच में 4.39 लाख की धांधली मिलने के बाद डीएम ने प्रधान से एक पखवाड़े के अंदर स्पष्टीकरण मांगा है।
ग्राम पंचायत निकासी निवासी हरिनाथ गौतम ने दो साल पहले डीएम को शिकायती पत्र सौंप कर प्रधान पर धांधली का आरोप लगाया था। डीएम ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने 8 अक्तूबर 2020 को जांच समिति को जांच सौंपी। जांच टीम ब्लॉक के नोडल अफसर सहायक अभियंता लघु सिंचाई के नेतृत्व में गठित की गई। नोडल अफसर ने अवर अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण व सहायक अभियंता राजकीय निर्माण निगम के साथ मिली शिकायतों की जांच की। जांच में ग्राम पंचायत में 439461 रुपये की धांधली सामने आई। इसके बाद जांच समिति ने 20 दिसंबर 2020 को अपनी रिपोर्ट डीएम को सौंप दी। जांच रिपोर्ट के आधार पर जिलाधिकारी ने 18 फरवरी 2021 को निर्वतमान महिला ग्राम प्रधान को नोटिस जारी कर एक पखवाड़ा में स्पष्टीकरण मांगा है। इसको लेकर ग्राम पंचायत कर्मियों में खलबली मची है।