बलिया। बारिश के बीच उमस भरी गर्मी में बच्चों से लेकर बुजुर्गों की सेहत पर बुरा असर पड़ रहा है। रविवार को जिले के 81 स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला का आयोजन हुआ। जिसमें 3193 मरीजों का इलाज हुआ और 20 मरीजों को रेफर किया। सबसे ज्यादा सर्दी, जुकाम खांसी, वायरल फीवर, फंगल इंफेक्शन व उल्टी दस्त के मरीज पहुंचे।
नरहीं संवाददाता के अनुसार जन आरोग्य मेले में सर्दी-जुकाम के साथ चर्म रोग के मरीजों की संख्या ज्यादा रही। पीएचसी सोहांव पर मरीजों के इलाज कर रहे डॉक्टर अमरेश ने बताया कि चर्म रोग एवं सर्दी-बुखार के मरीजों में इजाफा हुआ है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. पंकज ने बताया कि कोटवा नारायणपुर में 32, सोहांव में 28, मेड़वराकलां में 45, कथरियां में 33, नसीरपुर कलां 29 मरीजों का इलाज किया गया।
चिलकहर: जन आरोग्य मेले में 43 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुरेजी पर चिकित्सक के अभाव में फार्मासिस्ट राकेश सिंह ने 28 मरीजों की जांच कर दवा दी। पीएचसी नगरा पर डॉ. रामध्यान ने 45 मरीजों का इलाज किया। फार्मासिस्ट प्रमोद पटेल ,मिथिलेश सिंह, अशोक यादव, मुकेश सिंह मौजूद रहे। पूर में पीएचसी की हालत बेहद चिंताजनक मिली।
यहां होम्योपैथिक चिकित्सक हरिश्चंद्र मरीजों की जांच कर रहे थे, जबकि एलोपैथिक डॉक्टर की अनुपस्थिति में फार्मासिस्ट पंकज सिंह मरीजों का इलाज किया। दूसरी ओर पीएचसी गढ़मलपुर पर फार्मासिस्ट अनुराग गंभीर मरीजों का इलाज करते पाए गए। संवाद