बलिया। लोकसभा के सातवें चरण के चुनाव के लिए नामांकन के आखिरी दिन सोमवार को बलिया और सलेमपुर से विभिन्न दलों के नौ-नौ प्रत्याशियों ने कलेक्ट्रेट में नामांकन पत्र दाखिल किया। बलिया संसदीय सीट से सपा-बसपा गठबंधन के प्रत्याशी सनातन पांडेय बड़ी तादात में समर्थकों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे और नामांकन किया। बलिया संसदीय सीट पर 19 और सलेमपुर संसदीय सीट पर नामांकन करने वाले प्रत्याशियों की कुल संख्या 21 हो गई है।
रविवार की शाम सपा-बसपा गठबंधन से बलिया सीट से प्रत्याशी घोषित किए गए सनातक पांडेय सोमवार को बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे और अपना नामांकन दाखिल किया। इसके अलावा बलिया संसदीय सीट के लिए राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के राम आशीष, जन अधिकार पार्टी के अमरजीत यादव, अखंड समाज पार्टी के लल्लन, भारतीय समाज पार्टी के जन्मेजय, जनता क्रांति पार्टी की सीमा चौहान और निर्दल के रूप में ओमप्रकाश, सीताराम और हरेंद्र प्रसाद ने अपना नामांकन दाखिल किया।
सलेमपुर संसदीय सीट के लिए हिंदू समाज पार्टी के पुष्कर राय, जनता राष्ट्रवादी पार्टी के कैलाश चौहान, राष्ट्रीय विकलांग पार्टी के सोमेश्वर नाथ तिवारी, भारतीय प्रभात पार्टी के रमाशंकर, जनता कांग्रेस पार्टी के मो. सरूर अली और निर्दल प्रत्याशी के रूप में विश्राम, छोटेलाल, सुनील पांडेय और सुनील कुमार ने पर्चा दाखिल किया। उधर, नामांकन के अंतिम दिन बलिया में दो और सलेमपुर में तीन नामांकन पत्र खरीदे गए।
टीडी कॉलेज से किया गया रूट डायवर्ट: बलिया। नामांकन के आखिरी दिन सोमवार को प्रत्याशियों के साथ समर्थकों की भीड़ उमड़ने के कारण पुलिस प्रशासन ने टीडी कॉलेज चौराहे से रूट डायवर्ट कर दिया था। कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई थी। सपा-बसपा गठबंधन के प्रत्याशी सनातन पांडेय के नामांकन जुलूस में दोनों दलों के बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं को संभालने में पुलिस प्रशासन को काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान दो स्थानों पर बैरिकेडिंग पर दबाव पड़ने के चलते पुलिस प्रशासन को पीछे हटना पड़ा। अंत में कलेक्ट्रेट के मुख्य गेेट तक पहुंचे कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। पुलिस बल कम होने के चलते पुलिस अधिकारी भी सबकुछ देखने के बाद लाचार नजर आए।
10 से 11 बजे तक प्रेक्षक से मिल सकेंगे : बलिया। लोकसभा सामान्य निर्वाचन 2019 को सकुशल संपन्न कराने के लिए भारत निर्वाचन आयोग लोकसभा क्षेत्र बलिया व सलेमपुर के प्रेक्षक जिले में आ चुके हैं। बलिया के सामान्य प्रेक्षक व्यासन आर 2007 बैच के आईएएस हैं और ये लोक निर्माण विभाग के डाक बंगले के कक्ष संख्या तीन में ठहरे हुए हैं। वहीं सलेमपुर के सामान्य प्रेक्षक अजय यादव 2006 बैच के आईएएस हैं और ये जिला पंचायत सिकंदरपुर के डाक बंगले में प्रवास कर रहे हैं। अवकाश के दिन को छोड़कर किसी भी राजनैतिक दल के अध्यक्ष, मंत्री, प्रत्याशी, कार्यकर्ता प्रेक्षक से सुबह 10 बजे से 11 बजे तक मिल सकते हैं।
कार्यकर्ताओं के सम्मान पर आंच नहीं आने देेंगे: सनातन : बलिया। बलिया संसदीय सीट से सपा-बसपा गठबंधन प्रत्याशी के रूप में नामांकन करने के बाद पूर्व विधायक सनातन पांडेय समाजवादी पार्टी के कार्यालय पर पहुंचे जहां पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इस दौरान सनातन पांडेय ने कहा कि वे कार्यकर्ताओं के सम्मान पर आंच नहीं आने देंगे। स्वागत कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजवादी पार्टी गाजीपुर के जिलाध्यक्ष डॉ. नन्हकू यादव और संचालन बलिया सपा के प्रवक्ता सुशील कुमार पांडेय कान्ह जी ने किया। इस दौरान पूर्व मंत्री अंबिका चौधरी ने कहा कि सपा और बसपा के कार्यकर्ता सफलता के लिए पूरी ताकत से जुट जाएं क्योंकि देश के संविधान को खत्म करने की साजिश की जा रही है। पूर्व मंत्री विजय मिश्र ने कहा कि यदि भाजपा और मोदी को हराया नहीं गया तो देश में फिर से आपातकाल लग सकता है। मऊ के सपा नेता अल्ताफ अंसारी, पूर्व मंत्री नारद राय, मो. रिजवी, सपा के जिलाध्यक्ष संग्राम सिंह यादव आदि ने भी संबोधित किया। इस मौके पर बसपा जिलाध्यक्ष संतोष राम, बसपा कोआर्डिनेटर संतोष राम, मंजू सिंह, लक्ष्मण गुप्ता, सुभाष यादव, जय प्रकाश यादव, व्यास गोंड, तारकेश्वर मिश्र, पूर्व एमएलसी काशीनाथ यादव, सुधीर पासवान, पप्पू राय, अमित यादव उपस्थित रहे।