बलिया। जिले की आम जनता को शुद्ध खाद्य सामग्री या पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी भवानी सिंह खंगारौत के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम शनिवार को शहर और बेल्थरारोड में करीब आधा दर्जन दुकानों पर छापेमारी की। इस दौरान अधिकारियों ने दूध, दही, पनीर व सरसों तेल के कुल 11 नमूने लिए। अधिकारियों ने कहा कि शहर में बिक रहे खाद्य पदार्थों में मिलावट की लगातार शिकायत मिल रही है। इसे देखते हुए यह छापेमारी की गई है।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी महेंद्र कुमार के नेतृत्व में निकली टीम ने शहर के ओक्डेनगंज चौराहा, मिड्ढी चौराहा व शीशमहल रोड पर स्थित दुकान से फूल क्रीम मिल्क, दही, टोंड मिल्क के नमूने लिए। इसके अलावा बेल्थरारोड के दो प्रतिष्ठानों से भी नमूने लिए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिनेश कुमार राय ने बताया कि यह सभी नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजे जाएंगे। अगर किसी नमूने में कोई खामियां मिलीं तो उस प्रतिष्ठान पर कड़ी कार्रवाई होगी। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी विपिन गिरि, नरेंद्र कुमार, चंद्र प्रकाश, अमित सिंह आदि रहे।