बलिया। पिछले दो दिनों तक माध्यमिक शिक्षक संघ की ओर से मूल्यांकन कार्य का बहिष्कार करने के कारण ऊहापोह की स्थिति बनी रही। लेकिन रविवार को मूल्यांकन बहिष्कार समाप्त होने के बाद भी मूल्यांकन जोर नहीं पकड़ सका। हालांकि सभी केंद्रों पर मूल्यांकन चलता रहा।
बोर्ड परीक्षा के कापियों को जांचने के लिए जिले में चार मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं। कुल छह लाख 48 हजार 75 कापियां जांची जानी है और इसके लिए कुल 246 प्रधान परीक्षक व 2308 परीक्षक तैनात किए गए हैं। दो मूल्यांकन केंद्रों पर इंटरमीडिएट व दो केंद्रों पर हाईस्कूल की कापियां जांची जाएंगी। इसके तहत राजकीय बालिका इंटर कॉलेज मूल्यांकन केंद्र पर हाईस्कूल की कुुल एक लाख 80 हजार 913 कापियां जांचने के लिए 71 प्रधान परीक्षक व 687 परीक्षक तैनात किए गए हैं। लेकिन सोमवार को कुल 35 टेबलों पर कापियां जांची गईं।
राजकीय इंटर कॉलेज पर इंटरमीडिएट की कुल एक लाख 10 हजार 160 कापियां जांचने के लिए 38 प्रधान परीक्षक व 311 परीक्षक तैनात किए गए हैं लेकिन यहां 30 टेबल ही चले। कुंवर सिंह इंटर कॉलेज एक लाख 60 हजार कापियां जांचने के लिए 49 प्रधान परीक्षक व 419 के सापेक्ष 43 व टाउन इंटर कॉलेज को हाईस्कूल की कापियों को जांचने के लिए मूल्यांकन केंद्र बनाया गया है। इस केंद्र पर कुल एक लाख 97 हजार दो कापियां जांचने के लिए 88 प्रधान परीक्षक व 891 परीक्षक के सापेक्ष कुल 44 टेबल ही चले। इस बाबत जिला विद्यालय निरीक्षक भास्कर मिश्र ने कहा कि सभी प्रधान परीक्षक व परीक्षकों को मूल्यांकन के लिए उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है।