बलिया। राज्यमंत्री उपेंद्र तिवारी ने कहा कि जनपद के सभी अधिकारी अपने विभाग द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ वास्तविक रूप से पात्र लोगों को दिलाना सुनिश्चित करें। सरकारी योजनाओं के संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। राज्य मंत्री शुक्रवार की देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित एक बैठक में जनपद में संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि धान खरीद का कार्य पूरी गंभीरता व संवेदनशीलता के साथ किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि जन सुविधा केंद्रों के क्रियाकलापों पर नजर रखी जाए तथा प्रमाण पत्र निर्धारित समय सीमा के अंदर अनिवार्य रूप से निर्गत किए जाएं। जिलाधिकारी भवानी सिंह खंगारौत ने कहा कि एसडीएम व खंड विकास अधिकारी लगातार निरीक्षण कर संचालित योजनाओं की गुणवत्ता परखें। कहा कि जन शिकायतों का निस्तारण त्वरित गति से किया जाए। बैठक में सलेमपुर के सांसद रविंद्र कुशवाहा, विधायक संजय यादव, विधायक धनंजय कन्नौजिया, सीडीओ बद्रीनाथ सिंह, एडीएम मनोज कुमार सिंघल, एएसपी विजय पाल सिंह आदि रहे।