बलिया। 14 जुलाई को आजमगढ़ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की होने वाली विशाल जनसभा में जनपद से करीब 50 हजार कार्यकर्ता जाएंगे। जिसके लिए 300 बसों की व्यवस्था की गई है। वहीं भीड़ को देखते हुए करीब 100 से 150 बसों की और व्यवस्था की जा रही है। यह बातें भाजपा के प्रांतीय उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह ने गुरुवार को पीडब्लूडी के डाकबंगला में पत्रकारों के समक्ष कही।
प्रांतीय उपाध्यक्ष ने बताया कि प्रधानमंत्री आजमगढ़ में लखनऊ से गाजीपुर तक पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे सहित दर्जनों योजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा इलेक्ट्रिक इंजन को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। कहा कि अखिलेश सरकार ने बिना भूमि अधिग्रहण किए बगैर ही आनन-फानन में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का शिलान्यास कर दिया था। जबकि वास्तव में धरातल पर कुछ और ही था। प्रदेश की भाजपा सरकार ने 80 फीसदी भूमि अधिग्रहण करने के बाद पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का शिलान्यास 14 जुुलाई को आजमगढ़ में प्रधानमंत्री करने जा रहे है। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का टेंडर 22 हजार करोड़ रुपये कम पर हुआ, अगर यह टेंडर हो गया होता तो यह धनराशि सपा के जनप्रतिनिधियों की जेब में गया होता। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे को बलिया तक नहीं बनाए जाने के सवाल पर कन्नी काटते हुए कहा कि बुधवार को मुख्यमंत्री ने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से गाजीपुर-बलिया हाइवे को जोड़ने की घोषणा की है।