बापूभवन में आयोजित ग्राहक मेला में बैंक अधिकारियों को शपथ दिलाते सांसद विरेंद्र सिंह मस्त।
- फोटो : BALLIA
बलिया। टाउन हाल स्थित बापू भवन के सभागार में मंगलवार को बैंकों का शिविर आयोजित किया गया। इसमें बैंकों की ओर से 1306 लोगों को 31.88 करोड़ का ऋण स्वीकृत किया गया। इसमें सेंट्रल बैंक ऑफ़ इंडिया के महाप्रबंधक एएस तिवारी ने मुंबई से आकर हिस्सा लिया। कार्यक्रम का उद्घाटन सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने किया।
सांसद ने कहा कि सभी बैंकों के अधिकारी खाताधारकों को बेहतर बैंकिंग सेवाएं मुहैया कराएं। हर व्यक्ति को उसका अधिकार प्राप्त होना चाहिए। उन्होंने लोगों से कहा कि सरकार की ओर से लागू सुविधाएं मिलने में परेशान होने पर अधिकारियों से अपनी बात कहें। मुख्य विकास अधिकारी वीएन सिंह ने प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं अटल पेंशन योजना तथा फसल बीमा योजना के बारे में बताया। सबसे अपील किया कि सरकार द्वारा प्रदत्त इन योजनाओं का लाभ अवश्य उठाएं। भ्रष्टाचार को समाप्त करने के लिए सतर्कता सप्ताह के अवसर पर उन्होंने सभी को भ्रष्टाचार खत्म करने की शपथ दिलाई । सेंट्रल बैंक ऑफ़ इन्डिया के महाप्रबंधक एएस तिवारी ने बैंकों की व्यवसाय एवं उद्योग से संबंधित योजनाओं की चर्चा की। कहा कि सेंट्रल बैंक ऑफ़ इंडिया में अगर किसी का खाता है, वह इंटरनेट बैंकिंग का प्रयोग करता है तथा फ़र्म जीएसटी में रजिस्टर्ड है तो 59 मिनट में उसका ऋण स्वीकृत हो सकता है। उन्होंने स्टैंड अप इंडिया ऋण तथा मुद्रा योजना के बारे में बताया।
जिला अग्रणी बैंक के प्रबंधक दिनेश कुमार सिन्हा ने बैंकों द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के बारे में बताया। डीडी एम नाबार्ड श्री एके झां ने नाबार्ड योजना में मिलने वाली छूट के बारे में बताया। सांसद ने बैंकों द्वारा स्वीकृत ऋण का चेक एवं स्वीकृत पत्र भी वितरित किया। कार्यक्रम में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया समेत अन्य बैंकों की ओर से 1306 लोगों को 31.88 करोड़ का ऋण स्वीकृत किया गया।