बलिया। लंबे समय से किराया नहीं देने पर बुधवार को नगर पालिका परिषद ने जगदीशपुर पानी टंकी के पीछे नपा की 30 दुकानों काे बुधवार को सील कर दिया। यह कार्रवाई नपा के ईओ सुभाष कुमार की अगुवाई में नगर पालिका की टीम ने किया।
इसके पूर्व नपा ने सभी 30 दुकानदारों को मंगलवार दिन में 12 बजे तक बकाया किराया जमा करने की चेतवानी दी गई थी। चेताया गया था कि बकाया किराया जमा नहीं करने पर दुकानों को सील करने की कार्रवाई की जाएगी। इस खबर को अमर उजाला ने एक जुलाई के अंक में ‘बकाया किराया नहीं देने पर 30 दुकानों को नोटिस, सील करेगी पालिका’ शीर्षक से प्रकाशित किया था।
बता दें कि नगर क्षेत्र में नपा की करीब 490 से अधिक दुकानें है, जिनसे नपा को अभी भी प्रति माह 80 से लेकर 300 रुपये तक ही दुकानों का किराया मिलता है। हालांकि बीते जून 2024 में नगर पालिका बोर्ड ने नए सर्किल रेट के अनुसार किराया वसूलने के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी, तब मीना बाजार की दुकानों का किराया 3300 रुपये प्रतिमाह किया गया था, लेकिन दुकानदारों ने इसके खिलाफ हाईकोर्ट अपील की।
हालांकि उच्च न्यायालय ने नगर पालिका को निर्देश दिया था कि जब तक मामले का निस्तारण नहीं हो जाता तब तक दुकानदारों से 1000 रुपये प्रतिमाह बतौर किराया लिया जाए, लेकिन दुकानदारों ने हाईकोर्ट के आदेश पर भी नपा को एक हजार रुपये जमा करने में रुचि नहीं दिखाई। इसको लेकर नगर पालिका की ओर से अब ऐसे दुकानदारों को चिह्नित कर कार्रवाई की जा रही है।