बलिया। बारिश के बाद डेंगू का प्रकोप बढ़ गया है। डेंगू से बलिया सांसद सनातन पांडेय, सिटी मजिस्ट्रेट इंद्रकांत द्विवेदी समेत 30 लोग पीड़ित हैं।
संक्रमित मिलने वाले अधिकतर मरीज स्वास्थ्य विभाग द्वारा संवेदनशील घोषित 67 क्षेत्रों के बाहर के हैं। इस बीच बलिया के सांसद और सिटी मजिस्ट्रेट इंद्रकांत द्विवेदी को भी डेंगू से पीड़ित होने का पता चला। मलेरिया वैक्टर वार्म के नोडल अधिकारी डाक्टर अभिषेक मिश्रा ने इसकी पुष्टि की है। जिला अस्पताल में मौसम के बदलाव से रोज ओपीडी में 1800 के करीब मरीज इलाज कराने के लिए पहुंच रहे हैं। फिजिशियन की ओपीडी में 300 सौ से अधिक मरीज सर्दी, जुकाम, गले में खरास, सांस की परेशानी, वायरल व हाईफीवर के पहुंच रहे हैं। बाल रोग चिकित्सक की ओपीडी में बुखार, सर्दी, खांसी, सीने में जकड़न की परेशानी वाले आ रहे हैं।
तीन दिन से अधिक बुखार होने पर मरीजों को चिकित्सक खून जांच की सलाह दे रहे हैं। इस तरह के रोज 150 सौ से अधिक मरीज खून जांच कराने पहुंच रहे हैं। पैथाेलाॅजी में डेंगू लक्षण के रोज 25 से 30 मरीजों की एलाइजा की जांच हो रही है। 100 से 150 मरीजों की जांच होने पर एक दो मरीज पॉजिटिव मिल रहे हैं। नगरपालिका व पंचायत विभाग द्वारा दवा का छिड़काव न कराने के कारण डेंगू के लगातार मरीज मिल रहे हैं। पिछले वर्ष डेंगू के 340 मरीज पाए गए थे।