दुबहर। गंगा घाटों पर आए दिन होने वाली लोगों के डूबने की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस प्रशासन ने पहल की है।
सोमवार को अपर पुलिस अधीक्षक संजय वर्मा के नेतृत्व में शिवरामपुर, महावीर और माल्देपुर यानी 3 पाॅइंट पर सुरक्षा के इंतजाम किए गए। पुलिस ने घाटों के उन संवेदनशील स्थानों को चिह्नित किया जहां पानी की गहराई अधिक है। पुलिस की देखरेख में इन जगहों पर सांकेतिक चिह्न लगाए गए।
ये बोर्ड श्रद्धालुओं और स्नान करने आए लोगों को गहरे पानी की सीमा के प्रति सचेत करेंगे, जिससे अनजाने में होने वाले हादसों को रोका जा सकेगा।
एएसपी संजय वर्मा ने स्वयं घाटों का निरीक्षण किया और वहां मौजूद नाविकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। उन्होंने स्पष्ट लहजे में निर्देश दिए कि नाव पर सवार होने वाले प्रत्येक यात्री को लाइफ जैकेट पहनना अनिवार्य होगा।
नाविकों को अपनी नाव पर हमेशा बचाव किट तैयार रखनी होगी। ओहार या अन्य धार्मिक अनुष्ठानों के दौरान भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन आपकी सुरक्षा के लिए हर संभव कदम उठा रहा है, लेकिन नागरिकों को भी जागरूक होना होगा।
सांकेतिक चिह्नों का सम्मान करें और लक्ष्मण रेखा पार कर गहरे पानी में न जाएं। आपकी एक छोटी सी सावधानी आपके परिवार की खुशियां सुरक्षित रख सकती है। पुलिस की इस सक्रियता से घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली है।