जिले की मेधावी कन्याओं को कन्या विद्याधन का वितरण 27 और 28 को किया जाएगा। दो दिवसीय यह कार्यक्रम टाउन हाल के बापू भवन और अन्य विद्यालयों में होगा। यह बाते जिला विद्यालय निरीक्षक रमेश सिंह ने रविवार को कुंवर सिंह इंटर कालेज के सभागार में प्रधानाचार्यो की बैठक में कहीं। कहा कि 27 अगस्त को मुख्य कार्यक्रम टाउन हाल बापू भवन में होगा। वहीं 28 अगस्त को अमर शहीद भगत सिंह इंटर कालेज रसड़ा, राजकीय बालिका इंटर कालेज बांसडीह, पीएन इंटर कालेज दूबेछपरा, गांधी इंटर कालेज सिकंदरपुर, आरजीएमएस इंटर कालेज बेल्थरारोड में आयोजित होगा। बताया कि निर्धारित मेरिट का चयन कर आवेदन पत्र, बैंक खाता आईएफसी कोड के साथ तत्काल अग्रसारित कर कार्यालय को उपलब्ध कराया जाए। कहा कि शासन द्वारा जनपद का लक्ष्य 2182 निर्धारित है। जिसमें यूपी बोर्ड की 1473, संस्कृत बोर्ड की 82, मदरसा 82, सीबीएसई बोर्ड से 409, आईसीएससी बोर्ड से 136 छात्र-छात्राओं को चयन किया जाना है।
कहा कि यदि किसी बोर्ड से पर्याप्त मात्रा में छात्राएं नहीं मिल रही है तो यूपी बोर्ड से चयन किया जाएगा। बताया कि तहसील स्तर पर शिक्षा विभाग के दो अधिकारियों, शिक्षक/शिक्षिकाओं और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। जो कार्यक्रम से संबंधित सभी तैयारियों को देखेंगे। बताया कि कार्यक्रम में डीएम, सीडीओ समेत जनपदीय अधिकारी शिरकत करेंगे। इस मौके पर अनुज तिवारी, अशोक श्रीवास्तव, उदय बहादुर सिंह, रामायण सिंह, गिरिश नारायण चतुर्वेदी, अल्का राय समेत विभिन्न कालेजों के प्रधानाचार्य मौजूद रहे।