सुखपुरा में अवैध शराब ले जाते पकड़ा गया ट्रक
- फोटो : BALLIA
सुखपुरा। स्थानीय पुलिस ने सोमवार की रात सुखपुरा-गड़वार मार्ग पर भोजपुर पुलिया के पास घेराबंदी कर ट्रक पर लदे 550 पेटी अरुणाचल प्रदेश निर्मित अंग्रेजी शराब बरामद किया। फरीदनगर, भोजपुर गाजियाबाद निवासी चालक उस्मान खां को गिरफ्तार कर लिया गया है। शराब की पेटियां सेब के बीच छिपा कर रखी गई थी।
पुलिस को सोमवार को सूचना मिली कि बैरिया की तरफ जा रहे फल से लदे ट्रक में अवैध अंग्रेजी शराब की खेप छिपा कर रखी गई है जो बिहार ले जाई जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया। तलाशी लेने पर ट्रक में सेब की पेटियों के बीच 180 एमएल की 24400 शीशी अंग्रेजी शराब की 550 पेटियां छिपाकर रखी गई थीं। पुलिस के अनुसार पकड़े गए अवैध शराब की कीमत 26 लाख 40 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेते हुए चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार शराब की पेटियों के चारों तरफ सेव की पेटियां सजा कर इस तरह रखी गई थी जिससे ऐसा लगे कि ट्रक पर सेब की पेटियां लदी हैं और सेब कहीं ले जाया जा रहा है। पुलिस ने चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर ट्रक को भी सीज कर दिया।