सिकंदरपुर तहसील दिवस में मामलों की सुनवाई करते जिलाधिकारी राकेश कुमार।
जिलाधिकारी राकेश कुमार ने मंगलवार को तहसील में आयोजित तहसील दिवस पर जनता की समस्याएं सुनी। साथ ही मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को शीघ्र निस्तारण करने का निर्देश दिया। कुल 133 शिकायती प्रार्थना पत्र आए, जिनमें 25 का मौके पर निस्तारण कराया गया। जिलाधिकारी ने शेष शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि तहसील दिवस की महत्ता बरकरार रखने के लिए जरूरी है कि इस अवसर पर आयी समस्याओं का निस्तारण समयांतर्गत हो जाए। बिसहर निवासी देवचरण ने पैमाइश के बाद पत्थर को दबंगों द्वारा जबरन उखाड़ देने की शिकायत की। ग्राम भटवाचक निवासी शोभन राजभर ने कुछ लोगों द्वारा पानी निकास बंद करने की समस्या बतायी। नवानगर ब्लाक के किशोर चेतन गांव के एक शिकायतकर्ता ने कोटेदार प्रधान की मिलीभगत से राशन कार्ड गलत तरीके से बनाने की शिकायत की। मनियर ब्लाक के निपनिया के 84 अंत्योदय कार्डधारकों को राशन न मिलने की समस्या बताई। प्रत्येक शिकायतों को सुनने के बाद जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को समयांतर्गत व गुणवत्तापरक निस्तारण करने का निर्देश दिया।
नवानगर गांव की बुजुर्ग महिला पन्ना देवी ने नाली विवाद धारदार फावड़े से जानलेवा प्रहार करने की घटना बताई। इस पर जिलाधिकारी ने सीओ को जांच कर एफआईआर दर्ज करने को कहा। मिर्जापुर निवासी शिवजी ने एक मामले में 24 जून को एफआईआर दर्ज होने के बाद अभी तक गिरफ्तारी न होने की शिकायत की। इस पर एसपी मनोज कुमार झा ने सीओ को तत्परता से आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इस दौरान सीएमओ डॉ पीके सिंह, एसडीएम सिकंदरपुर व बांसडीह, सेवायोजन अधिकारी एके पांडेय आदि साथ रहे। पिछले तहसील दिवस के 16 विभागों के कुल 114 मामले लंबित पाए गए। जिलाधिकारी ने इसका गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।