एनएच-31 स्थित उजियार गांव के गड्ढे में फंसा मवेशियों से भरा कंटेनर। जागरुक पाठक
- फोटो : 1
नरही (बलिया)। गाजीपुर-भरौली-बक्सर मुख्य मार्ग पर उजियार गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास रविवार को नरही पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक कंटेनर से 24 बैल मुक्त कराए गए। बैलों को कंटेनर के भीतर रस्सियों से बांधकर ठूंस-ठूंसकर रखा गया था।
पुलिस टीम को देखकर चालक और उसके साथी वाहन छोड़कर भाग गए। मामले में ट्रक स्वामी, अज्ञात चालक और अन्य साथियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है। सीओ सदर अक्षय कुमार ने बताया कि रविवार को उपनिरीक्षक शशांक पांडेय टीम के साथ उजियार स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास संदिग्ध वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान भांवरकोल की तरफ से आ रहा कंटेनर ट्रक पुलिस को देखकर कुछ दूरी पहले ही रुक गया। पुलिस टीम को अपनी ओर आता देख चालक और उसके साथी भागने लगे।
पुलिसकर्मियों ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वे फरार हो गए। जांच के दौरान ट्रक का पंजीकरण नंबर यूपी 71 एटी 0098 मिला। कंटेनर के पिछले दरवाजे खोलने पर अंदर 24 बैल बंधे मिले। पुलिस ने सभी को बाहर निकालकर मुक्त कराया। ई-चालान एप से जांच में वाहन स्वामी का नाम अंजू अली पत्नी मंजूर अली, निवासी गाजीपुर फतेहपुर, जिला फतेहपुर दर्ज मिला। फरार चालक और उसके साथियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम प्रयास कर रही है। मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।