रेवती। कहते हैं हर सफलता के पीछे उसका एक प्रेरणा सूत्र जरूर होता है। जिसकी प्रेरणा से व्यक्ति सफलता के उच्च शिखर तक पहुंचता है। सीबीएसई की दसवीं की परीक्षा में जिले में टाप करने वाले रेवती के सेमुषी विद्यापीठ के राहुल राज की भी यही कहानी है। राहुल अपने पिता को आदर्श मानते हैं। उनके पिता शिक्षक हैं और वह उन्हें हर पल जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। राहुल की माता एक हाउस वाइफ हैं और वह भी हर पल अपने बेटे को इस बात की प्रेरणा देती हैं कि मुश्किल चाहे कैसी भी, हमेशा आगे बढ़ना ही हमारा कर्तव्य है। हमें रुकना नहीं चाहिए।
रेवती स्थानीय नगर के शेमुषी विद्यापीठ के सीबीएसई बोर्ड के दसवीं कक्षा में रेवती का राहुल राज 97. 8% अंक पाकर विद्यालय का सर्वश्रेष्ठ छात्र रहा। राहुल ने बताया कि वह आईआईटी करके देश की तकनीकी सेवा से जुड़ना चाहते हैं। राहुल के पिता बैजनाथ चौरसिया एक शिक्षक हैं। पांच पुत्रियों और एकमात्र पुत्र राहुल की परिवरिस में काफी पैसे खर्च होते हैं। बैजनाथ चौरसिया बताते हैं कि बेटे के जीवन के उद्देश्य की पूर्ति किसी भी प्रकार करने के लिए वह संकल्पित हैं। माता मीना चौरसिया भी पुत्र की सफलता पर प्रसन्न हैं। बेटे के उज्जवल भविष्य की कामना करतीं हैं। अपनी सफलता का श्रेय राहुल माता पिता पांचों बहनों तथा विद्यालय के गुरुजनों को विशेष रूप से देता है।