बलिया। करीब एक सप्ताह पहले छापेमारी के बाद तहसीलदार सदर गुलाब चंद्रा द्वारा सागरपाली में सील फ्लोर मिल में रखे अनाज की जांच उप जिलाधिकारी अश्वनी श्रीवास्तव ने अधिकारियों की टीम के साथ की। करीब एक सप्ताह पहले 16 फरवरी को सदर एसडीएम को सूचना मिली कि सागरपाली स्थित फ्लोर मिल के अंदर सरकारी बोरियों में अनाज रखा हुआ है। इस पर एसडीएम ने तहसीलदार को फ्लोर मिल पर छापेमारी कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इसके बाद तहसीलदार ने फेफना पुलिस व दो लेखपालों के साथ सागरपाली स्थित फ्लोर मिल पर छापा मारा। मौके पर सरकारी बोरियों में गेहूं रखा मिला लेकिन पैकिंग नहीं की गई थी। इसके बाद तहसीलदार ने जिला विपणन अधिकारी नरेंद्र तिवारी के साथ ही क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी व मंडी सचिव को मौके पर बुलाया और करीब तीन घंटे से अधिक समय तक जांच पड़ताल की। तहसीलदार की मानें तो खाद्य एवं रसद विभाग की 500 बोरियों में गेहूं रखा मिला। इसके अलावा चोकर, मक्का, आटा आदि भी मिला है। तहसीलदार ने मिल को सील करते हुए उप जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी थी।