बलिया। शिक्षक कर्मचारी की ओर से 12 फरवरी तक हड़ताल पर रहने का ऐलान किया गया है। इस बीच शुरू हुई बोर्ड परीक्षा में व्यवधान न हो इसके लिए शिक्षा विभाग ने जिले के विभिन्न कॉलेजों के 1982 डीएलएड प्रशिक्षुओं को परीक्षा ड्यूटी के लिए तैयार रहने को कहा है।
यूपी बोर्ड की परीक्षाएं आज से शुुरु हो चुकी हैं जबकि दूसरी ओर पुरानी पेंशन बहाल करने की मांग को लेकर शिक्षक कर्मचारी हड़ताल पर हैं। शिक्षक कर्मचारी संगठन की ओर से 12 फरवरी तक हड़ताल की घोषणा की गई है। इसको देखते शिक्षा विभाग ने भी कमर कस लिया है। हड़ताल के चलते बोर्ड परीक्षा में किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक की मानें तो ऐसे तो बोर्ड परीक्षा में कोई खास दिक्कत होने की उम्मीद नहीं है लेकिन किसी भी स्थिति से निबटने व छात्रों का नुकसान न हो इसके लिए जनपद के विभिन्न कॉलेजों में डीएलएड के प्रशिक्षुओं को परीक्षा ड्यूटी करने के लिए अलर्ट कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि बोर्ड परीक्षा के लिए कुल 234 केंद्र बनाए गए हैं जिसमें एक राजकीय विद्यालय है जिसमें हड़ताल का कोई असर नहीं है और इसके अलावा 164 वित्तविहीन स्कूल हैं जहां हड़ताल से कोई लेना-देना नहीं है। 69 स्कूल एडेड हैं जहां हड़ताल का असर होने की संभावना है। हालांकि इन केंद्रों के प्रधानाचार्य ने बताया कि परीक्षा में व्यवधान नहीं होगा, फिर भी शिक्षा विभाग सतर्क है और डीएलएड प्रशिक्षुओं को परीक्षा ड्यूटी के लिए तैयार रहने को कहा गया है और इस बाबत डॉयट को सूचना भी भेज दी गई है। बताया कि मुख्य परीक्षा 12 फरवरी से शुरु होगी लिहाजा विशेष स्थितियों में डीएलएड प्रशिक्षुओं को इस दिन से ड्यूटी कराई जा सकती है।