जिलाधिकारी ने नगर पंचायत वार्ड नंबर सात में कोटेदार द्वारा राशन वितरण की अनियमितता के मामले में जांच के आदेश दिए हैं। डीएम ने यह कार्रवाई सभासद चंद्रभूषण वर्मा के शिकायती पत्र पर किया है। सभासद वर्मा ने डीएम से मिलकर शिकायती पत्र सौंपा। पत्र में कोटेदार द्वारा राशन सामग्री के वितरण में अनियमितता का आरोप लगाया। आरोप है कि कोटेदार द्वारा कार्ड धारकों के परिजनों से सत्यापन के नाम पर अंगूठा लगाने के बाद राशन सामग्री उन्हें मुहैया न कराकर काले बाजार में बेच दिया जाता है। पत्र में कहा गया है कि कोटेदार की दबंगई के कारण कोई शिकायत नहीं करता। पत्र के अनुसार वार्ड के सैकड़ों पात्र लोगों का कार्ड गलत तरीके से निरस्त कर दिया गया है। सभासद ने डीएम से जांच की कार्रवाई की गुहार लगाई ।डीएम ने एसडीएम को प्रकरण की जांच कर नियमानुसार कार्यवाही का निर्देश दिया है। इसके अतिरिक्त सभासद ने मुख्यमंत्री को जन सुनवाई पोर्टल पर भी शिकायत की है। इस मामले में सीएम ने जांच कर कार्यवाही के बाद आख्या तलब किया है।