भरौली(बलिया)। गड़हा विकास मंच की ओर से रविवार को भरौली स्थित मैदान पर सामूहिक विवाह का आयोजन किया गया। इसमें कुल सात वर-वधू ने सात फेरे लिए। हालांकि कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत वर-वधू को उपहार सामग्री दी गई। गड़हा विकास मंच के अध्यक्ष चंद्रमणि राय ने सात कन्याओं का कन्यादान किया। वर-वधू के परिजनों के साथ ही हजारों दर्शक इस सामूहिक विवाह के गवाह बने।
कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद भरत सिंह, भाजयुमो के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष संतोष रंजन राय, कांग्रेस के प्रदेश महासचिव राजीव उपाध्याय, भोजपुरी सम्राट भरत शर्मा व्यास, भोजपुरी गायक विष्णु ओझा, गायक व अभिनेता गोपाल राय ने एक साथ दीप प्रज्जवलित कर किया। इसके बाद गायक हरेंद्र सिंह की देवी गीत से विधिवत शुरुआत हुई। सांसद ने मंच को बतौर न्यौता 51 हजार देने की घोषणा की।
गड़हांचल के भरौली में गड़हा विकास मंच की ओर से पहली बार आयोजित सामूहिक विवाह समारोह को लेकर आसपास के गांवों में काफी उत्सुकता रही। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि जहां पंडाल खचाखच भरा रहा वहीं पंडाल के बाहर भी हजारों लोग खड़े होकर इस कार्यक्रम को देखते रहे। उत्तर प्रदेश व बिहार की सीमा पर स्थित आयोजित इस कार्यक्रम को देखने के लिए बिहार प्रांत के कई गांवों के लोग भी पहुंचे थे। सामूहिक विवाह में भोजपुरी सम्राट भरत शर्मा व्यास व विष्णु ओझा ने मंगल गीत की प्रस्तुति कर माहौल को खुशनुमा कर दिया।