चितबड़ागांव में सड़क जाम कर रहे ग्रामीणों को समझाते तहसीलदार योगेंद्र सिंह।
अखिल भारतीय गोंड महासभा के प्रदेश अध्यक्ष राजेश गोंड के नेतृत्व में रामपुरचीट के ग्रामीणों ने बुधवार को भी मृतक रामाशीष गोंड के शव को रख बलिया-बक्सर मार्ग को घंटों जाम कर दिया। मांग किया कि अत्याचार, उत्पीड़न एवं पारिवारिक लाभ पीड़ित परिवार को दिया जाय। सूचना पर पहुंचे तहसीलदार योगेंद्र सिंह एवं समाज कल्याण अधिकारी नरेंद्र विश्वकर्मा के आश्वासन पर ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त किया। इस मामले में पुलिस ने अखिल भारतीय गोंड महासभा के प्रदेश अध्यक्ष समेत 15 के खिलाफ नामजद तथा अज्ञात दो सौ लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया है।
थाना क्षेत्र के रामपुरचीट निवासी रामाशीष की लकड़ी काटने को लेकर हुए विवाद में जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इससे नाराज रामपुरचीट के ग्रामीणों ने मंगलवार को बलिया-बक्सर मार्ग को घंटों जाम कर दिया था। सदर तहसीलदार योगेंद्र सिंह द्वारा मुआवजा के आश्वासन पर पांच घंटे बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया था। इसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। मंगलवार की सुबह अखिल भारतीय गोंड महासभा के प्रदेश अध्यक्ष राजेश गोंड के नेतृ़त्व में ग्रामीणों ने मंगलवार को पुन: बलिया-बक्सर मार्ग को करीब तीन घंटे तक जाम कर दिया।
इस मामले में पुलिस ने मंगलवार एवं बुधवार को जाम करने वाले प्रदेश अध्यक्ष राजेश गोंड समेत 15 लोगों के खिलाफ नामजद तथा अज्ञात दो लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया। इस बाबत चितबड़ागांव एसओ सुरेश सिंह ने बताया कि ग्रामीण समझाने के बाद शांत हो गए और घर जा रहे थे। लेकिन अपने आपको अखिल भारतीय गोंड महासभा का प्रदेश अध्यक्ष बताने वाले राजेश गोंड के उकसाने पर ग्रामीण बलिया-बक्सर मार्ग को करीब तीन घंटे तक जाम कर दिया। इस मौके पर सीओ सदर बाबू लाल यादव, नरहीं एसओ नीरज पाठक, फेफना एसओ उमेश यादव समेत पुलिस मौजूद रही।