बांसडीहरोड (बलिया)। थाना क्षेत्र के कुसौरा गांव के समीप खेतों में बुधवार को एलटी तार टूटकर गिरने से गेहूं के खेत में आग लग गई। जिससे आधा कट्ठा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। काफी मशक्कत के बाद आसपास के लोगों द्वारा आग पर काबू पाया गया। इससे आक्रोशित किसानों ने विद्युत विभाग के जेई, अधिशासी अभियंता विद्युत खंड चतुर्थ के विरुद्ध थाने में तहरीर दी।
कुसौरा गांव निवासी किसान राजीव कुमार ने तहरीर में उल्लेख किया है कि मंगलवार को खेतों में एलटी तार टूटकर गिर गया था। जिसकी सूचना विद्युत उप खंड सहतवार के जेई को दी गई। लेकिन तार सही नहीं किया गया। जिसका नतीजा रहा कि बुधवार को खेतों में गिरे एलटी तार में लाइन दे दी गई। जिससे खेतों में लगी गेहूं की फसल आग लग ई। जिससे आधा कट्ठा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। आरोप है कि जेई एवं अन्य लोगों ने किसान को फोन पर धमकी के साथ दुर्व्यवहार किया। पीड़ित किसानों ने उच्चाधिकारियों के साथ ही जेई के विरुद्ध थाने में तहरीर दी है। इस बाबत सहतवार फीडर के जेई आनंद कुमार ने कहा कि मंगलवार को जर्जर तार टूटकर गिर गया था जिसे ठीक कर दिया गया था। बुधवार को पुन: तार टूटकर गिर गया जिससे आग लग गई।