मनियर (बलिया)। हाईकोर्ट के निर्देश पर ग्राम पंचायत विशुनपुरा में बुधवार की शाम पूर्व में कराए गए विकास कार्यों में कथित रूप से अनियमितता की जांच कर जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी कृष्णकांत राय की टीम के चले जाने के बाद पूर्व प्रधान एवं वर्तमान प्रधान के पक्ष के लोग आपस में भिड़ गए। इस दौरान दोनों ओर से मारपीट व जमकर ईंट-पत्थर चलने से भगदड़ मच गई। इसमें दोनों पक्ष के पांच लोग चुटहिल हो गए। इस मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के विरुद्ध मनियर थाने में तहरीर दी।
बताया जाता है कि विकास कार्यों में कथित अनियमितता को लेकर ग्राम पंचायत निवासी शशिकांत मिश्रा ने हाईकोर्ट में रिट याचिका दायर किया था। हाईकोर्ट के आदेश पर जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी श्रीकांत राय कुछ ब्लॉक कर्मियों को लेकर क्षेत्र पंचायत मनियर के विशुनपुरा गांव में जांच करने गए थे। उनके सामने ही जांच के दौरान दोनों पक्षों में तल्खी के साथ कहासुनी होती रही। अधिकारियों के जाने के बाद वर्तमान प्रधान व पूर्व प्रधान के लोगों में मारपीट हो गई। जिसमें ग्राम प्रधान इंद्रावती देवी के पति रघुनाथ गोंड, श्रीराम तिवारी उर्फ बबलू तिवारी, गोपाल तिवारी तथा पूर्व प्रधान श्रीनिवास मिश्रा की ओर से अमित तिवारी, रवि शंकर को चोटे आई। मनियर पुलिस ने दोनों तरफ से मुकदमा दर्ज कर एक तरफ से दो व एक तरफ से एक व्यक्ति को संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया।