बलिया। हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा को नकलविहीन कराने के बाद जिले में महाविद्यालय की परीक्षा भी पूरी सख्ती से कराई जा रही है। शनिवार को शुचिता से खिलवाड़ करना दो कक्ष निरीक्षकों को भारी पड़ गया। स्वामी रामनारायनाचार्य महिला महाविद्यालय, बेल्थरारोड में सामूहिक नकल के आरोप में दो कक्ष निरीक्षकों पर मुकदमा दर्ज कराया गया है। एक कक्ष निरीक्षक को पुलिस के हवाले कर दिया गया, जबकि दूसरा कक्ष निरीक्षक परीक्षा के बाद मौके से गायब हो गया। दोनों कक्ष निरीक्षकों के पास उसी विषय की सीरीज मिली, जिस विषय की परीक्षा हो रही थी। पूरी रिपोर्ट विश्वविद्यालय को सौंप दी गई है। दोनों कक्ष निरीक्षकों पर मुकदमा दर्ज करने के साथ केंद्र व्यवस्थापक व महाविद्यालय पर भी विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से बड़ी कार्रवाई के संकेत मिल रहे हैं।
शनिवार को सुबह की पाली में बीए प्रथम वर्ष की उर्दू की तथा बीए तृतीय वर्ष की अंग्रेजी की परीक्षा हो रही थी। इसी बीच उड़न दस्ता की टीम स्वामी रामनारायनाचार्य महिला महाविद्यालय में पहुंच गई। अचानक दोनों कक्षों में टीम ने चेकिंग शुरू कर दी। उर्दू की परीक्षा में फिरदौस बानो के पास उर्दू की सीरीज, जबकि दूसरे कमरे में अंग्रेजी की परीक्षा में कक्ष निरीक्षक रामप्रवेश के पास अंग्रेजी विषय की सीरीज मिली। उड़नदस्ता टीम ने सामूहिक नकल के आरोप में कार्रवाई की संस्तुति की। इसके बाद केेंद्र व्यवस्थापक ने दोनों कक्ष निरीक्षकों के विरुद्ध उभांव थाने में तहरीर दी। मौके से ही कक्ष निरीक्षक फिरदौस बानो को पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया। जबकि दूसरा कक्ष निरीक्षक रामप्रवेश महाविद्यालय में नहीं मिला। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल एसडीएम बेल्थरारोड को मौके पर भेजा। जांच में एसडीएम ने पाया कि एक कक्ष निरीक्षक फिरदौस बानो छह माह पहले बांके बहादुर पीजी कालेज मुझौना में उर्दू की अध्यापिका थी।