आखिरकार बांसडीह-बलिया मार्ग का कायाकल्प होना शुरू हो गया। इस मार्ग पर लगभग दो दशक से सप्तर्षि द्वार से लेकर चौधरी चरण सिंह तक जर्जर हो गया था। कुछ माह पहले काम भी शुरू हुआ तो सिर्फ गिट्टी आदि डालकर कोरम पूरा कर लिया गया। बीते मंगलवार को अमर उजाला में प्रकाशित खबर के बाद विभाग के अधिकारी हरकत में आए। डीएम ने खुद जाकर मौका मुआयना किया, जिसके बाद मार्ग पर निर्माण कार्य शुरू हो गया।
बांसडीह-बलिया मार्ग को सप्तर्षि द्वार से लेकर चौधरी चरण सिंह डाक बंगले के पास तक निर्माण के नाम पर विगत कई महीनों से खोदकर बड़े-बड़े गिट्टी डालकर छोड़ दिए जाने के कारण आए दिन लगभग दर्जनों बाइक सवार तथा साइकिल सवार गिरकर गंभीर रूप से चुटहिल हो जाया करते थे। सड़क की बदतर हालत पर अमर उजाला ने खबर प्रकाशित कर प्रशासन का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया। जिसके बाद आलाधिकारी हरकत में आए। वहीं बांसडीह तहसील में समाधान दिवस पर आए जिलाधिकारी सुरेंद्र विक्रम सिंह ने स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद संबंधित अधिकारी को निर्देश दिया। जिसके क्रम में गुरुवार से सड़क निर्माण कार्य शुरू हो गया।