बलिया। नेशनल फेडरेशन आफ टेलीकॉम इंप्लाइज यूनियन के सदस्यों का क्रमिक अनशन शुक्रवार को दूरसंचार विभाग परिसर में आयोजित किया गया। इस दौरान यूनियन के सदस्यों ने अपनी छह सूत्री मांगों के समर्थन में क्रमिक अनशन पर बैठ गए। कर्मचारियों ने कहा कि विभागीय अफसरों की उदासीनता के चलते उनके कागजात आज भी अधूरे पड़े हुए हैं।
यूनियन के जिलासचिव रामजी यादव ने कहा कि केंद्र सरकार तो उनके लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है। वहीं विभाग के अफसर भी कागजातों को पूरा कराने में रुचि नहीं दिखा रहे है। दूरसंचार विभाग में वर्षों से कार्यरत कर्मचारियों, उनके परिवार का नाम, शैक्षणिक योग्यता का ईआरपी में प्रविष्टि नहीं किया जा रहा है। ऐसे में अधिकारी उनके हक का शोषण करने में लगे हुए है। बलिया मंडल के कर्मचारियों का एसीआर नहीं लिखा जा रहा है। जो सरासर न्याय के विपरीत है। जिले के सभी ग्रुप एक्सचेंजों में लगे जेनरेटर बैटरी और माड्यूल पावर प्लांट की चलाने की व्यवस्था की जानी चाहिए। जिससे कि दूरसंचार कर्मियों को काम करने में सहूलियत मिल सके। कर्मचारियों को मिलने वाले यूनिफार्म को भी सात-आठ सालों से नहीं दिया जा रहा है। मंडल अभियंता आरएस प्रजापति के द्वारा कर्मचारियों को प्रताड़ित किया जा रहा है। इसके अलावे प्रमोशन सहित विभिन्न मांगों को लेकर कर्मचारियों में आक्रोश है।इस मांगों को लेकर कई बार आला अफसरों को ज्ञापन दिया गया। लेकिन उनके द्वारा उसे गंभीरता से नहीं लिया गया। वहीं दूसरी ओर कैजुअल कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स एसोसएशन के सदस्यों ने भी अपने हित की लड़ाई लड़ने के लिए शंखनाद किया। कहा कि संविदा दूरसंचार कर्मियों के हकों की अनदेखी की जा रही है।