बलिया। नगर में एक बार फिर जाम की समस्या गंभीर बनती जा रही है। इसका मुख्य कारण अब यह ई-रिक्शा चालक हो गए हैं। इनके बेतरतीब खड़ा होने तथा जगह-जगह सड़क पर गाड़ी खड़ा कर सवारी उठाने के कारण जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। इसके अलावा एक फिर विक्रम ने स्टेशन के बाहर सवारी बैठानेे का काम शुरू कर दिया है। सबसे बुरा हाल स्टेशन के बाहर है।
नगर को जाम के झाम से मुक्ति दिलाने के उद्देश्य से तत्कालीन पुलिस अधीक्षक ने नगर में मौजूद सभी स्टैंडों को हटवाकर दूसरे जगह स्थापित करवा दिया था। इसके अलावा जिला प्रशासन, वाहन चालक के साथ बैठक कर किराया व रूट तय कर दिया था। वहीं किराये की सूची का बोर्ड बनवाकर स्टेशन के बाहर पुलिस बूथ समेत विभिन्न चौराहों पर टंगवा दिया था। इसको लेकर वाहन स्वामियों ने धरना-प्रदर्शन तक किया था। पुलिस अधीक्षक के तेवर के आगे मजबूर होकर निर्धारित स्टैंड से सवारी ले जाने लगे। इसके बाद नगर में ई-रिक्शा वालों का पदार्पण हुआ। जिसके बाद लोगों को अत्यधिक किराये से मुक्ति तो मिल गई। लेकिन अब ई-रिक्शा वाले ही लोगों के लिए सिरदर्द बन गए हैं। आलम यह है कि स्टेशन के बाहर पुलिस बूथ के सामने ही ई-रिक्शा वाले सड़क पर ही बेतरतीब वाहन खड़ा कर सवारी बैठाने लगे हैं। हालांकि पुलिस अधीक्षक सुजाता सिंह ने इससे निजात दिलाने के लिए मातहतों को दिशा-निर्देश दिया है।
इनसेट...
पुराने स्टैंड से बैठा रहे सवारी
बलिया। तत्कालीन एसपी ने मालगोदाम स्थित टेंपो स्टैंड को शीशमहल के गली में स्थापित कर दिया था। जबकि सवारी उतारने के लिए जगरनाथ चौधरी चौराहे से बिचलाघाट चौकी होते हुए गुलाब देवी कालेज पर सवारी उतारने का आदेश दिया था। लेकिन टेम्पो चालक एक फिर अपने पुराने स्टैंड से सवारी बैठाने लगे हैं।
इनसेट...
बक्सर कार, जीप व टेम्पो स्टैंड:
एक वाहन के बजाय, वाहनों का लगा जमावड़ा
बलिया। स्टैंड के सभी वाहनों को तत्कालीन एसपी ने नगर से बाहर हटवा दिया था। उन्होंने सभी रूट की एक-एक गाड़ियाें को टोकन के माध्यम से खड़ा कर सवारी बैठाने का आदेश दिया था। लेकिन उनके स्थानांतरित होते ही एक बार फिर स्टैंड वाहनों का जमावड़ा हो गया है।
इनसेट...
गड़वार रोड स्टैंड:
स्टैंड पर पुन: वाहन चालक हुए सक्रिय
बलिया। यहां के स्टैंड के सभी बस, जीप व टेम्पो को हटवा दिया। यहां भी टोकन के माध्यम से एक बस, एक जीप व एक टेम्पो आती थी और सवारी बैठाकर ले जाती थी। लेकिन यहां भी पूर्व की भांति वाहन खड़ा होने लगे है।
इनसेट...
महुआ मोड़ स्टैंड:
वाहनों की बढ़ने लगी भीड़
बलिया। तत्कालीन एसपी ने महुआ मोड़ स्टैंड के सभी वाहनों को एनसीसी तिराहे पर स्थापित कर दिया था। जहां से टोकन लेकर वाहन महुआ मोड़ स्टैंड आते थे और सवारी लेकर जाते थे। लेकिन एक बार फिर कई वाहन आने लगे।
इनसेट...
बसंतपुर व टीडी चौराहा स्टैंड:
नियत स्टैंड से सवारी ले जाते चालक
बलिया। स्टेशन-हास्पीटल रोड पर बसंतपुर का स्टैंड स्थापित था। जबकि सिकंदरपुर व सुखपुरा का स्टैंड सिविल लाइन पुलिस चौकी के पास स्थापित था। जिसे हटाकर कुंवर सिंह चौराहे के आगे स्थापित किया गया। यह स्टैंड एसपी द्वारा निर्धारित स्टैंड से सवारी लेकर जाते है।