बलिया। प्रशिक्षण एवं सेवायोजन कार्यालय के निदेशक ने जनपद के आकांक्षात्मक इलाकों में रोजगार मेला तथा करियर काउंसलिंग आयोजित करने का निर्देश दिया है। आकांक्षात्मक विकासखंड चिलकहर में पांच जनवरी, मनियर में छह जनवरी, बांसडीह में सात जनवरी, रसड़ा में नौ जनवरी, पंदह में 10 जनवरी, गड़वार में 11 जनवरी, हनुमानगंज में 12 जनवरी, तथा सोहांव में 13 जनवरी को रोजगार मेला करियर काउंसलिंग की जाएगी। मुख्य विकास अधिकारी प्रवीण वर्मा ने आकांक्षात्मक विकास खंडों के खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि आकांक्षात्मक इलाकों में रोजगार मेला तथा करियर काउंसलिंग आयोजित कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। अपने पंचायत सचिवों तथा ग्राम प्रधानों के माध्यम से प्रचार-प्रसार कराएं। रोजगार मेले में सिक्योरिटी गार्ड क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनी जीफोर एस सिक्योर सल्यूसन सहित अन्य कंपनियां प्रतिभाग करेंगी। कंपनी सिक्योरिटी गार्ड तथा सुपरवाइजर के लगभग 2000 पदों पर भर्ती करेगी। मेले में 18 से 35 वर्ष उम्र तक के दसवीं पास अभ्यर्थी तथा रिटायर्ड आर्मी भी प्रतिभाग कर सकते हैं। रोजगार मेले में साक्षात्कार के बाद 12 दिन की ट्रेनिंग गाजियाबाद में होगी। ट्रेनिंग समाप्त होते ही कंपनियों में नौकरी मिल जाएगी।