बलिया। प्रधान संगठन की बैठक कैंप कार्यालय रामदहिनपुरम में शुक्रवार को हुई। बैठक में प्रधानों व ग्राम पंचायतों से जुड़ी ज्वलंत मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही प्रधानों ने अधिकारियों द्वारा जांच के नाम पर अवैध धन उगाही एवं राशन कार्ड के मुद्दे को भी प्रमुखता से उठाया।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश महासचिव त्रिलोकी नाथ पांडेय ने कहा कि अधिकारियों द्वारा प्रधानों के छवि को बिगाड़ने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों द्वारा आए दिन जांच के नाम पर धन उगाही किया जा रहा है। अब ऐसा नहीं होने दिया जाएगा। कहा कि किसी भी कार्यदायी संस्था के कार्यों से प्रधान द्वारा कराए गए कार्य कई गुना अच्छा होता है, फिर भी जांच केवल प्रधानों की होती है। कहा कि जो खुद ही भ्रष्टाचार के आकंठ में डूबा हो, वह दूसरे की जांच का आदेश कैसे दे सकता है। प्रधान संघ के मंडल अध्यक्ष विमल पाठक ने कहा कि राशन कार्ड वितरण में सरकार की उदासीनता प्रधानों के लिए गले का फांस बन गया है। कहा कि राशन कार्ड आज से करीब 18 साल पहले बना था और अब नए राशन कार्ड के लिए आए दिन नए-नए फरमान जारी होते हैं और आम जनता इसका जिम्मेदार केवल प्रधान को ही मानती है। उन्होंने जल्द से जल्द शत प्रतिशत राशन कार्ड वितरण की मांग की। मंडल उपाध्यक्ष सतीश सिंह ने कहा कि शासन की प्राथमिकता में है कि ग्राम समाज की जमीन पर हुए अवैध कब्जे को तत्काल खाली कराया जाए। लेकिन सक्षम अधिकारियों का ध्यान न जाकर केवल प्रधानों के जांच की तरफ जाना चिंताजनक है। इस मौके पर रणजीत मिश्र, पिंटू मिश्र, रणविजय राय, रामदेव, सतीश सिंहह, कृपाशंकर तिवारी, श्रीराम तिवारी, राजनारायण उपाध्याय, अजय चौबे, मोहन दुबे, सुरेंद्र पांडेय आदि मौजूद रहे। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राधेश्याम यादव तथा संचालन जिला प्रवक्ता हरेेराम राय ने किया।