बेल्थरा रोड। सपा के पूर्व विधायक गोरख पासवान ने दलितों के साथ पिछड़े वर्ग को प्रमोशन में आरक्षण दिए जाने की वकालत की है। उन्होंने कहा कि पिछड़े वर्ग की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है, ऐसे में आरक्षण की सुविधा से उन्हें प्रमोशन में लाभ मिलेगा।
शनिवार को अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत में पूर्व विधायक पासवान ने कहा कि देश में 54 फीसदी पिछड़े वर्ग को सिर्फ 27 फ़ीसदी ही आरक्षण मिला है। ऐसे में सामान्य वर्ग 50.5 फीसदी आरक्षण में से 25 फीसदी आरक्षण गरीब सवर्णों को दिया जाना जरूरी है। उन्होंने भाजपा के दलित प्रेम को छलावा करार दिया। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के सरकारी नौकरियों में एससी-एसटी को प्रमोशन में आरक्षण दिए जाने के निर्णय का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि कोर्ट के निर्णय के बाद प्रमोशन में आरक्षण देने का अधिकार राज्य सरकारों का है। अब भाजपा शासित राज्य सरकारों को चाहिए कि वे अपने यहां एससी/एसटी के प्रमोशन में आरक्षण लागू कर अपने को दलित प्रेम साबित करें। अब भाजपा को अपना दलित प्रेम साबित करने का अवसर आ गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा की कथनी-करनी में फर्क है। सबका साथ सबका विकास का सब्जबाग दिखाकर सत्ता में आई भाजपा सरकार से जनता का मोहभंग हो गया है। जनता भाजपा को सत्ता सौंप पछता रही है। ऐसे में लोग समझ चुके हैं कि सपा ही सूबे को विकास के रास्ते में ले जाने में सक्षम है।