रामगढ़ (बलिया)। बैरिया तहसील के श्रीनगर के कटान पीड़ित सुशील मिश्र ने गुरुवार को जिलाधिकारी को एक शिकायती पत्र दिया है। शिकायती पत्र जिलाधिकारी ने एडीएम को जांच कर आख्या प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। बताया जाता है कि वर्ष 2016 में श्रीनगर गांव में गंगा के कटान में सैकड़ों लोगों की जमीन, मकान आदि गंगा की धारा में समा गयी, लेकिन आज तक कटान पीड़ितों को जमीन का मुआवजा नहीं मिला। जबकि लेखपाल व कानूनगो ने 107 कटान पीड़ितों की सूची बनाकर तहसील प्रशासन को सौंपा था। लेकिन तहसील परेशान की उदासीनता के कारण ठंडे बस्ते में पड़ा है। इसको लेकर कटान पीड़ितों ने सीएम से लेकर पीएम के दरवाजे खटखटाया। कई बार कटान पीड़ितों ने अपनी मांगों को लेकर आमरण अनशन भी किया। लेकिन कटान पीड़ितों को मुआवजा के नाम पर आज तक एक भी फूटी कौड़ी नहीं मिली है। इस मौके पर नवल किशोर मिश्र, बीरबल राम, ललन मिश्र, नारायण सिंह, अमरजीत सिंह, करिया सिंह आदि रहे।