बलिया। प्रजातंत्र, लोकतंत्र बचाओ अभियान के तहत जिला कांग्रेस कमेटी के लोगों ने जुलूस निकालकर जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन करते राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सच्चिदानंद तिवारी ने कहा कि कर्नाटक में राज्यपाल ने प्रधानमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के दबाव में लोकतंत्र की हत्या की है। जिसे इतिहास कभी माफ नहीं करेगा।
प्रदेश उपाध्यक्ष दिग्विजय सिंह ने कहा कि जब-जब केंद्र में भाजपा की सरकार आई तब-तब अराजकता, भ्रष्टाचार, बदहाली की स्थिति पैदा हुई है और संवैधानिक संस्थाएं कमजोर हुई हैं। कहा कि लोकतंत्र में जब राज्यपाल दबाव में कार्य करने लगे तो लोकतांत्रिक संस्थाओं से लोगों का विश्वास कम होने लगेगा। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि ईमानदारी और स्वच्छ प्रशासन का दावा ठोकने वाली भाजपा का चरित्र उजागर हो चुुका है। जिसका परिणाम कर्नाटक में देखने को मिल रहा है। ज्ञापन के माध्यम से जनपद के कांग्रेस नेताओं ने राष्ट्रपति से केंद्र सरकार के तानाशाही पर अंकुश लगाने के लिए हस्तक्षेप करने की मांग की। मुख्य रूप से पूर्व जिलाध्यक्ष यतेंद्र बहादुर सिंह, उमाशंकर पाठक, उषा सिंह, शिवप्रताप ओझा, मुन्ना उपाध्याय, सागर सिंह राहुल, जितेंद्र नाथ राय, रमेश्वर तिवारी, ओमप्रकाश पांडेय, धनंजय पांडेय, अरुण कुमार श्रीवास्तव, सुनील कुमार सिंह, सुगंधा शुक्ला, हरीश कुमार, सिद्घनाथ तिवारी, फूलबदन तिवारी आदि मौजूद रहे। संचालन विजयानंद पांडेय ने किया।