शहर कोतवाली परिसर में शुक्रवार को नगर मजिस्ट्रेट मनोज कुमार पांडेय की अध्यक्षता में पीडब्लूडी, बिजली विभाग, जल निगम आदि के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। जिसमें टीडी कालेज से मिड्ढी चौराहा होते हुए पार्क इन होटल तक फोरलेन में हो रहे बाधाओं को दूर करने पर विचार-विमर्श किया गया। तत्पश्चात टीडी कालेज से विभिन्न विभागाें के अधिकारियों की मौजूदगी में नापी की गई तथा संबंधित विभागों को तत्काल कार्य करने का निर्देश दिया गया।
मालूम हो कि टीडी कालेज चौराहा से मिड्ढी चौराहा होते हुए पार्क इन होटल तक फोरलेन सड़क का निर्माण पीडब्लूडी द्वारा होना है। जिसके निर्माण में कई स्थानों पर बाधाएं आ रही थी। जिसके चलते निर्माण कार्य बंद कर दिया गया। लेकिन शासन के दवाब के कारण पीडब्लूडी के अधिकारियों ने नगर मजिस्ट्रेट, सीओ सिटी, बिजली विभाग, जल निगम के अधिकारियों के साथ टीडी कालेज चौराहे से मिड्ढी चौराहा होते हुए पार्क इन होटल तक नापी की। नापी के अंदर पड़ने वाले विद्युत पोल को हटाने के लिए बिजली विभाग को निर्देश दिया गया। वहीं जल निगम को तत्काल सीवर पाइप पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा नापी के अंदर पड़ने वाले मकान व दूकान स्वामियों को भी हटाने का निर्देश दिया गया। ताकि फोरलेन सड़क के निर्माण में कोई बाधा उत्पन्न न हो सकें। इस मौके पर सीओ सिटी विजय प्रताप यादव, शहर कोतवाल शशिमौलि पांडेय, पीडब्लूडी के एक्सीएन एसपी प्रसाद कन्नौजिया आदि मौजूद रहे।