बलिया। भाजपा के जिलाध्यक्ष विनोद शंकर दूबे और कार्यक्रम संयोजक प्रदीप कुमार सिंह ने पार्टी कार्यालय पर शनिवार को पत्रकारों से वार्ता की। इस मौके पर जिलाध्यक्ष दूबे ने कहा कि प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर 20 अगस्त से 25 अगस्त तक पूरे जनपद में समयबद्ध तरीके से स्वच्छ यूपी -स्वस्थ यूपी कार्यक्रम चलाया जाएगा। इसके लिए अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में स्थान चिन्हित कर लिए गए है। जिसके सहयोग के लिए वाराणसी से 100 वालंटियर आएंगे। जो पूरे कार्यक्रम में सहयोग करने के साथ ही इसकी पूरी रिपोर्ट प्रदेश मुख्यालय को भेजेंगे। इस कार्यक्रम में पार्टी के सांसद, विधायक से लेकर मंडल स्तर के पदाधिकारी भी भाग लेंगे। प्रथम चरण में नगर विस क्षेत्र में चार स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। जिसमें महिला चिकित्सालय, सदर अस्पताल परिसर, रेलवे स्टेशन, रोडवेज तथा बेल्थरारोड विस क्षेत्र में बस स्टैंड हरिजन बस्ती, पलिया गांव के दलित बस्ती तथा निकासी गांव की दलित बस्ती में साफ-सफाई के लिए यह कार्यक्रम चलाया जाएगा। यह कार्यक्रम सुबह आठ बजे से 12 बजे तक चलेगा। सभी कार्यक्रम स्थालों के लिए स्थान प्रमुख नियुक्त किए गए है। कार्यक्रम संयोजक ने कहा कि कार्यक्रम का मकसद है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ के स्वच्छता अभियान के प्रति लोगों को जागरुक किया जाय।