जयप्रकाशनगर। दोकटी थाना क्षेत्र के एक इंटर कालेज में बीते गुरुवार को नोडल अधिकारी ने सामूहिक नकल पकड़ी। छात्र छात्राओं की कॉपी लेते हुए दोकटी थाने में उपरोक्त विद्यालय के केंद्र व्यवस्थापक, एक कक्ष निरीक्षक सहित एक परीक्षार्थी के खिलाफ नोडल अधिकारी की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है ।
दोकटी थाना क्षेत्र के कर्ण छपरा गाव स्थित नरहरि बाबा इंटर कालेज में कक्ष संख्या 11 व 12 में बीते गुरुवार को द्वितीय पाली में इंटर नागरिक शास्त्र विषय की परीक्षा चल रही थी। उसी समय जनपद के परीक्षा बोर्ड के नोडल अधिकारी रामशरण सिंह अपने दल बल के साथ कालेज पर पहुंच गए। उन्होंने कक्ष संख्या 11 में एक छात्र को चेक किया तो वह छात्र पहले ही ग्रेजुएशन करने के बाद अपनी उम्र कम करने के लिये पुन: इंटर की परीक्षा दे रहा था ।वहीं इसके बगल के कक्ष संख्या 12 में छात्राएं सामूहिक नकल कर रही थीं। इन परिस्थितियों के बाद नोडल अधिकारी ने दोकटी थाने में तहरीर देकर कालेज के केंद्र व्यवस्थापक विक्रमा सिंह व कक्ष निरीक्षक बीर बहादुर सिंह के खिलाफ परीक्षा अधिनियम 5/7/10 के तहत मुकदमा पंजीकृत करवा दिया ।वही विहार राज्यक के भागल पुर निवासी गौरव कुमार के खिलाफ भी मुकदमा पंजीकृत करवा दिया गया ।इस बात को लेकर नकल माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है ।