बलिया। बोर्ड परीक्षा को लेकर जिला विद्यालय निरीक्षक की अध्यक्षता में शुक्रवार को कुंवर सिंह इंटर कॉलेज के सभागार में एडेड विद्यालयों के प्रधानाचार्यों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक ने परीक्षा के बाबत की गई तैयारियों का जायजा लिया और निर्देश दिया।
जिला विद्यालय निरीक्षक भास्कर मिश्र ने कहा कि परीक्षा केंद्रों के सभी शिक्षण कक्षों में सीसीटीवी कैमरे व वॉयस रिकार्डर अनिवार्य रुप से लगाया जाना है। इसमें लापरवाही सामने आने पर कार्रवाई भी तय है। डीआईओएस ने कहा कि कुछ प्रधानाचार्य केंद्र व्यवस्थापक का कार्य करने में आनाकानी कर रहे हैं और गलत अस्वस्थता का प्रमाण पत्र प्रस्तुत कर चिकित्सकीय अवकाश ले लेते हैं। कहा कि ऐसे लोगों के चिकित्सकीय प्रमाण पत्र को सीएमओ के यहां अस्वस्थता की पुष्टि कराने व चिकित्सा प्रमाण पत्र को प्रतिहस्ताक्षरित कराने के लिए भेजा जाएगा। बताया कि कक्ष निरीक्षकों का परिचय पत्र सफेद बेस पर नीले रंग से अंकित कर बनाया जाएगा और परिचय पत्र पर उनका नाम, विद्यालय का नाम, पढ़ाने वाले विषय, शैक्षिक योग्यता आदि भी अंकित किया जाएगा। परिचर पत्र विद्यालय स्तर पर प्रधानाचार्य की ओर से बनाकर प्रमाणित किया जाएगा और उसे जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से प्रतिहस्ताक्षरित किया जाएगा। डीआईओएस ने निर्देश दिया कि जिन केंद्रों पर महिला अभ्यर्थी अनुदानित की गई है वहां महिला कक्ष निरीक्षकों की तैनाती कर ली जाए। कहा कि उन अध्यापकों की ड्यूटी कक्ष निरीक्षक कार्य के लिए नहीं लगाई जाएगी जिसे कक्ष निरीक्षक कार्य से वंचित किया गया हो या उनके विरुद्घ परिषद कार्यालय प्रकरण विचाराधीन हो। कहा कि तैयारी के बाबत सभी तरह के कार्य दो से तीन दिनों में पूरा कर लिए जाएं। इस मौके पर अतुल तिवारी, प्रफुल्ल कुमार, श्याम नारायण शुक्ल, सुशील श्रीवास्तव, संजय यादव आदि रहे।