भीमपुरा। जहां एक तरफ लोक निर्माण विभाग अतिक्रमण खत्म करने के लिए अभियान चला रहा है। वहीं विभाग के कार्यदायी संस्थाओं द्वारा सड़क के दोनों तरफ पटरियों पर बड़ी गिट्टी रखकर अतिक्रमण कर दिया गया है। इससे आए दिन राहगीर गिरकर चुटहिल हो रहे हैं।
क्षेत्र के किड़िहरापुर-इब्राहिमपट्टी मार्ग पर सड़क के दोनों तरफ की पटरियों पर बड़ी गिट्टी गिराए जाने से सड़क की चौड़ाई कम हो गई है। कोहरा और धुंध का मौसम होने के चलते राहगीर बड़ी गाड़ियों से ओवर टेक करते समय बड़ी गिट्टियों की जद में आने से कभी बड़े वाहनों का तो कभी गिट्टियों का शिकार हो रहे हैं। आलम यह है कि यह सबकुछ देखते हुए आलाधिकारी व संबंधित विभाग के लोग मौन साधे हुए हैं। शाहपुर टिटिहा के पूर्व ग्राम प्रधान पंकज सिंह का कहना है कि इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों की संख्या में लोग आवागमन करते हैं। लेकिन विभाग द्वारा बड़ी गिट्टियों को सड़क के दोनों पटरियों पर रख दिया गया है। जिससे आए लोग गिरकर चुटहिल हो रहे हैं। शाम होते ही लोगों का इस सड़क से आवागमन बंद करना पड़ता है। भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष धर्मदेव सिंह का कहना है सरकार एक तरफ अतिक्रमण हटाने के साथ ही स्वच्छता का संदेश दे रही है वहीं सड़क के किनारे बड़ी गिट्टियों को डालकर सड़क को संकरा बना दिया गया है।