बलिया। सागरपाली स्थित गौरी भैया महाविद्यालय में गुरुवार को राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका विषयक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। विचार गोष्ठी का उद्घाटन करते हुए स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी ने कहा कि देश के उत्थान में युवाओं का योगदान आवश्यक है। जब-जब देश में कोई समस्या उत्पन्न हुई है तब-तब युवाओं ने मोर्चा संभाला है। राजनीति से ऊपर उठकर युवाओं को राष्ट्र निर्माण हेतु आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिदृश्य में धर्म के नाम पर राजनीति करने का प्रयास हो रहा है। स्वामी जी ने युवाओं को आगे आने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि के रूप में विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए युवा चेतना के राष्ट्रीय संयोजक रोहित कुमार सिंह ने कहा कि हर आंदोलन का आधार युवा होता है। देश की आजादी का आंदोलन हो या 1974 का जेपी आंदोलन हर आंदोलन का आधार युवा होता है। श्री सिंह ने कहा कि भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद, रामप्रसाद बिस्मिल जैसे क्रांतिकारियों ने देश के लिए जो क़ुर्बानी दी है उसके सार्थकता हेतु देश को विश्व शक्ति के रूप में स्थापित करना होगा। उन्होंने कहा कि 1952 के चुनाव में भी रोटी, कपड़ा और मकान मुद्दा था और आज भी जनता इन्ही समस्याओं से जूझ रही है। श्री सिंह ने कहा कि आजकल नेताओं के लिए निज हित प्राथमिकता में है परंतु जयप्रकाश नारायन, चंद्रशेखर, गौरी भैया जैसे नेताओं के लिए राष्ट्रहित प्राथमिकता में था। विचार गोष्ठी की अध्यक्षता गौरी भैया महाविद्यालय की अध्यक्ष ममता सिंह ने किया। जिला पंचायत सदस्य अवधेश राय, मुन्ना राय, चंद्रप्रकाश सिंह कफ़्र्यू, सुनील पांडेय, अमरीश ओझा, देवेंद्र सिंह मिंटू, डॉ. ओमप्रकाश यादव, प्रदीप गुप्ता, बैजू राय आदि विचार गोष्ठी में उपस्थित रहे। महाविद्यालय के प्रबंधक रघुराज प्रताप सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। सिद्धार्थ शंकर सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया।